कांवड़ यात्रा के चलते बदली उर्स-ए-रज़वी की तारीखें, अब 6 से 8 अगस्त तक होगा आयोजन
-आरके सिंह- बरेली। विश्व विख्यात उर्स-ए-रज़वी की तिथियों में बदलाव कर दिया गया है। पहले यह आयोजन 7, 8 और 9 अगस्त 2026 को प्रस्तावित था, लेकिन कांवड़ यात्रा और शहर में निकलने वाले कांवड़ जुलूसों को देखते हुए दरगाह प्रबंधन, उलेमा और जिला प्रशासन की सहमति से अब उर्स 6, 7 और 8 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। 8 अगस्त को कुल शरीफ के साथ उर्स का समापन होगा। यह निर्णय शहर में अमन-चैन बनाए रखने, जायरीन की सुरक्षा और सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।
दरगाह सरपरस्त हज़रत मौलाना सुब्हान रज़ा खान (सुब्हानी मियां), काज़ी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती असजद रज़ा क़ादरी (असजद मियां) तथा दरगाह के सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रज़ा क़ादरी (अहसन मियां) ने कुछ दिन पहले संयुक्त रूप से उर्स-ए-रज़वी का आयोजन 7, 8 और 9 अगस्त को करने की घोषणा की थी।
हालांकि इस वर्ष कांवड़ यात्रा और उर्स की तिथियां एक साथ पड़ने के कारण प्रशासन और दरगाह प्रबंधन ने स्थिति की समीक्षा की। 9 अगस्त को शहर में कांवड़ जुलूस प्रस्तावित हैं, ऐसे में कानून-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तिथियों में परिवर्तन का निर्णय लिया गया।
उर्स-ए-रज़वी के शांतिपूर्ण आयोजन और जायरीन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उलेमा का आठ सदस्यीय पैनल गठित किया गया था। इसी पैनल से तिथियों में बदलाव को लेकर राय ली गई। इसके बाद देर रात अपर जिलाधिकारी (नगर) बरेली अविनाश त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक (नगर) मानुष पारिक सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने दरगाह पहुंचकर दरगाह प्रमुख हज़रत सुब्हानी मियां और काज़ी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती असजद मियां से मुलाकात की तथा तिथियों में बदलाव का अनुरोध किया।
शहर के अमन-ओ-अमान, जायरीन की सुरक्षा और सुविधा, उलेमा की राय तथा बरेली जिला प्रशासन के अनुरोध को ध्यान में रखते हुए दरगाह प्रमुख हज़रत सुब्हानी मियां, काज़ी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती असजद मियां और दरगाह सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने संयुक्त रूप से फैसला लिया कि इस वर्ष उर्स-ए-रज़वी 6, 7 और 8 अगस्त (गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार) को आयोजित किया जाएगा। 8 अगस्त को कुल शरीफ के साथ उर्स का समापन होगा।
दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि देर रात हुए इस फैसले की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से देश-विदेश के जायरीन तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन श्रद्धालुओं ने पहले घोषित कार्यक्रम के अनुसार 7, 8 और 9 अगस्त के हिसाब से अपनी यात्रा की तैयारी की थी, वे अब संशोधित तिथियों के अनुसार 6, 7 और 8 अगस्त को बरेली पहुंचने की योजना बनाएं।
उन्होंने कहा कि तिथियों में बदलाव का उद्देश्य केवल शहर में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखना, कांवड़ यात्रा और उर्स के दौरान किसी प्रकार की असुविधा से बचना तथा सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।