भवानीपुर में ‘दीदी’ की बढ़त पर ब्रेक, कड़ा मुकाबला, मतगणना पर उठा सवाल
भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी के बीच कांटे की टक्कर जारी है। शुरुआती बढ़त के बावजूद ममता की लीड घट रही है। दोनों नेताओं के मतगणना स्थल पहुँचने और गड़बड़ी के आरोपों के चलते कुछ समय के लिए काउंटिंग भी रुकी। अंतिम नतीजे बेहद दिलचस्प हो सकते हैं।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की हाई-प्रोफाइल भवानीपुर विधानसभा सीट पर इस बार बेहद दिलचस्प और कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के बीच मुकाबला लगातार रोमांचक होता जा रहा है।
शुरुआती रुझानों में ममता बनर्जी मजबूत स्थिति में दिखीं और 13वें राउंड तक करीब 5,000 वोटों की बढ़त बना ली थी। लेकिन इसके बाद तस्वीर बदलनी शुरू हुई। 14वें राउंड तक उनकी बढ़त घटकर लगभग 3,800 वोट रह गई, जिससे मुकाबला पूरी तरह खुल गया है।
इसी बीच, मतगणना के दौरान तनाव तब बढ़ गया जब शुभेंदु अधिकारी अचानक मतगणना स्थल पर पहुंच गए। कुछ ही समय बाद ममता बनर्जी भी वहाँ पहुँचीं और उन्होंने मतगणना में गड़बड़ी के आरोप लगाए। दोनों नेताओं की मौजूदगी के चलते कुछ समय के लिए काउंटिंग प्रक्रिया रोक दी गई।
स्थिति और भी दिलचस्प तब हो गई जब तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कुछ मतगणना एजेंट बाहर निकलते दिखे। उनके चेहरे पर चिंता और असमंजस साफ नजर आया, जो इस सीट की बदलती स्थिति को दर्शाता है।
यह वही सीट है जहाँ पिछले चुनाव में ममता बनर्जी ने करीब 84,000 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। लेकिन इस बार मुकाबला बेहद करीबी हो गया है और भाजपा के शुभेंदु अधिकारी लगातार अंतर कम करते जा रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर यही रुझान जारी रहा तो परिणाम चौंकाने वाला हो सकता है। फिलहाल, आधिकारिक नतीजों का इंतजार है, लेकिन भवानीपुर की यह लड़ाई पूरे राज्य की राजनीति की दिशा तय कर सकती है।