यमुना आरती में आएंगे मंडलायुक्त, रिवर कनेक्ट अभियान ने दिया आमंत्रण, फुट ओवरब्रिज की मांग भी उठाई

आगरा। यमुना संरक्षण और जनभागीदारी को मजबूत करने की दिशा में चल रहे रिवर कनेक्ट अभियान को उस समय नई ऊर्जा मिली, जब अभियान से जुड़े प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त से भेंट कर उन्हें प्रतिदिन आयोजित होने वाली यमुना आरती में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मुलाकात के दौरान यमुना से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने मथुराधीश मंदिर से यमुना आरती स्थल तक पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए फुट ओवरब्रिज बनाने की मांग रखी, जिस पर मंडलायुक्त ने तत्काल नगर आयुक्त को कार्रवाई के निर्देश देते हुए प्रस्ताव नगर निगम को भेजने के आदेश दिए।

Jul 9, 2026 - 21:27
 0
यमुना आरती में आएंगे मंडलायुक्त, रिवर कनेक्ट अभियान ने दिया आमंत्रण, फुट ओवरब्रिज की मांग भी उठाई
मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप को ज्ञापन देते रिवर कनेक्ट कैंपेन के सदस्य।

टीम रिवर कनेक्ट अभियान के सदस्यों ने मंडलायुक्त से मुलाकात कर उन्हें यमुना आरती में शामिल होने का निमंत्रण दिया। मंडलायुक्त ने आरती का समय पूछा, जिस पर प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रतिदिन शाम 7 बजे यमुना आरती स्थल पर नियमित आरती होती है। इस पर मंडलायुक्त ने आश्वस्त किया कि वह निश्चित रूप से आरती में शामिल होंगे तथा डॉ. साहब से फोन पर दिन तय कर कार्यक्रम की पुष्टि करेंगे।

मुलाकात के दौरान टीम के प्रतिनिधि देवाशीष भट्टाचार्य ने यमुना से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा शुरू करते हुए कहा कि कुछ महत्वपूर्ण विषयों पर उनका ध्यान आकर्षित करना है। इस पर मंडलायुक्त ने मुस्कुराते हुए कहा, समस्या बतानी है, तभी तो आरती पर बुला रहे हैं आप... मैं सब समझता हूं। उनके इस सहज जवाब से बैठक का माहौल आत्मीय हो गया।

इसके बाद महंत नंदन श्रोत्रिय ने मथुराधीश मंदिर से यमुना आरती स्थल तक श्रद्धालुओं और पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए फुट ओवरब्रिज निर्माण की मांग रखी। उन्होंने कहा कि इससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा यमुना आरती स्थल तक पहुंचना आसान होगा।

मंडलायुक्त ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए प्रस्ताव पर सहमति जताई और तत्काल नगर आयुक्त को प्रस्ताव अग्रसारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपने निजी सचिव से कहा कि इस प्रस्ताव को बिना विलंब नगर निगम भेजा जाए, ताकि आवश्यक कार्रवाई शुरू हो सके।

बैठक के अंत में प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त का आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि वह शीघ्र ही यमुना आरती स्थल पहुंचकर आरती में शामिल होंगे। अभियान से जुड़े सदस्यों ने इसे यमुना संरक्षण और जनजागरूकता अभियान के लिए सकारात्मक पहल बताया।

मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपने एवं आमंत्रण देने वाले प्रतिनिधिमंडल में देवाशीष भट्टाचार्य, आईएमए अध्यक्ष डॉ. हरेंद्र गुप्ता, महंत नंदन श्रोत्रिय, श्रीमती ज्योति खंडेलवाल, श्रीमती निधि पाठक, विशाल झा, चतुर्भुज तिवारी, जगन प्रसाद तेहरिया, जुगल श्रोत्रिय तथा अभिनव श्रोत्रिय शामिल रहे।

SP_Singh AURGURU Editor