रामनवमी पर आस्था उमड़ीः दरियानाथ मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा, अंजनी धाम महोत्सव की तैयारियां, सेंट्रल जेल में हवन, खाटू श्याम मंदिर में कन्या पूजन और कावेरी मंदिर में रामकथा से धर्ममय हुआ आगरा

आगरा। आगरा में रामनवमी के पावन अवसर पर धर्म, आस्था और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में शोभायात्राएं, धार्मिक अनुष्ठान, कथा प्रवचन और सेवा कार्यों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। कहीं भव्य जुलूस निकले, तो कहीं हवन-पूजन और कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया।

Mar 27, 2026 - 20:02
 0
रामनवमी पर आस्था उमड़ीः दरियानाथ मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा, अंजनी धाम महोत्सव की तैयारियां, सेंट्रल जेल में हवन, खाटू श्याम मंदिर में कन्या पूजन और कावेरी मंदिर में रामकथा से धर्ममय हुआ आगरा
राजामंडी स्थित श्री दरियानाथ मंदिर से रामनवमी पर निकली शोभायात्रा में शामिल महंत दीदारनाथ जी महाराज, योगी बुद्धनाथ जी महाराज, अनंत उपाध्याय, ललित शर्मा, पीयूष श्रीवास्तव, दीपू खंडेलवाल आदि।

दरियानाथ मंदिर से सजी आस्था की डोर, रामनवमी पर भव्य शोभायात्रा

आगरा। रामनवमी के पावन अवसर पर राजामंडी स्थित प्राचीन सिद्ध श्री दरियानाथ मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। “जय श्रीराम” के गगनभेदी उद्घोष, आकर्षक झांकियों, बैंड-बाजों और पुष्पवर्षा के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा।

मंदिर के महंत योगी दीदारनाथ जी महाराज व योगी बुद्धनाथ जी सहित नाथ संप्रदाय के संतों ने भगवान श्रीराम व हनुमानजी की झांकी की आरती कर भगवा ध्वज के साथ यात्रा का शुभारंभ किया। शोभायात्रा राजामंडी चौराहा, पंचकुइया, अशोक नगर, गोकुलपुरा, बल्का बस्ती होते हुए पुनः मंदिर पहुंची, जहां आरती व प्रसाद वितरण के साथ समापन हुआ।

यात्रा में गणेश जी की सवारी, ऊंट, बैंड-बाजे, नासिक ढोल और भक्ति गीतों से सजे डीजे ट्रक आकर्षण का केंद्र रहे। कैला देवी, महाकाल व बालाजी की झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा, ठंडाई व फल वितरण कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।

महंत दीदारनाथ जी ने बताया कि यह शोभायात्रा वर्ष 2008 से निरंतर निकाली जा रही है। योगी बुद्धनाथ जी ने कहा कि इसका उद्देश्य सामाजिक चेतना जागृत करना है। शोभायात्रा से पूर्व मंदिर में हवन व कन्यापूजन भी किया गया।

इस अवसर पर सौरभ तिवारी, मुकेश ठाकुर, सुशील जी, दीपू खंडेलवाल, ओमकार सिंह परमार, श्याम मित्तल, अरुण सिंह, मोहन शर्मा, गणेश भारद्वाज, ऋषि तिवारी, गौरव वर्मा, अजय प्रताप, ललित शर्मा, मोहित परिहार, नरेश लखवानी, रामकुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Top of Form

Bottom of Form

मां अंजनी धाम महोत्सव: 651 किलो फलों का डोला और महाकाल की पालकी बनेगी आकर्षण

फुलट्टी चौक पर सजने जा रहे अंजनी धाम के आयोजन के पोस्टर का विमोचन करते वरिष्ठ कांग्रेस नेता राम टंडन, पप्पू शर्मा और अन्य आयोजक।

श्री हनुमान जयंती पर मां अंजनी धाम महोत्सव समिति द्वारा फुलट्टी चौक को मां अंजनी धाम के रूप में सजाया जाएगा। संस्थापक कमल शर्मा पप्पू ने बताया कि 31 मार्च को सेव का बाजार से फुलट्टी चौक स्थित प्राचीन मां भगवती देवी मंदिर तक अंजनी माता यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें अंजनी मां का डोला और महाआरती होगी।

01 अप्रैल को सिटी स्टेशन रोड स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकलेगी, जिसमें उज्जैन के राजा महाकाल की पालकी, 651 किलो फलों का डोला, हरियाणा की महाकाली, दिल्ली के अघोरी महाकाल की झांकी, इस्कॉन रॉक बैंड, 40 झांकियां और सात बैंड आकर्षण का केंद्र होंगे।

कार्यक्रम अध्यक्ष एडवोकेट संजीव अग्रवाल के अनुसार 2 से 4 अप्रैल तक अभिषेक, सुंदरकांड, भजन संध्या और 1100 दीपों से महाआरती के साथ महोत्सव का समापन होगा।

सेंट्रल जेल में रामनवमी: कैदियों संग मनाया उत्सव, हवन-भजन से गूंजा परिसर

रामनवमी पर सेंट्रल जेल में आयोजित हवन में आहुतियां देते आयोजक।

रामनवमी के अवसर पर सेंट्रल जेल में सत्यमेव जयते ट्रस्ट और श्री चन्द्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

हवन के माध्यम से कैदियों की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना की गई। कैदियों ने भी भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बर्फी देवी चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से हलुवा-चने का प्रसाद वितरण किया गया।

इस अवसर पर राजीव कुमार जैन, सचिन गोयल, रश्मि गर्ग, गौतम सेठ सहित कई लोग मौजूद रहे।

खाटू श्याम मंदिर में कन्या लंगूरा पूजन, महिलाओं ने गाए भक्ति गीत

कटरा जोगिया स्थित श्री दाऊजी महाराज खाटू श्याम मंदिर में रामनवमी पर आयोजित कार्यक्रम की एक झलक।

कटरा जोगिया स्थित श्री दाऊजी महाराज खाटू श्याम मंदिर में रामनवमी पर सामूहिक कन्या लंगूरा पूजन एवं हवन का आयोजन किया गया।

अध्यक्ष राजू गोयल ने बताया कि नौ देवियों को आहुति देकर विधि-विधान से पूजन किया गया। महिलाओं ने मातारानी के भजन गाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।

सचिव मयंक अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन सनातन परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास है, जिसमें कन्याओं के चरण पूजकर आशीर्वाद लिया गया।

कावेरी मंदिर में राम कथा: सती चरित्र ने दिया विश्वास और मर्यादा का संदेश

कावेरी मंदिर में श्री राम कथा के दूसरे दिन सती चरित्र का भावपूर्ण वर्णन करते कथा व्यास पंडित श्री भगवान भैया जी एवं उपस्थित श्रद्धालु।

कावेरी मंदिर में चल रही नौ दिवसीय श्री राम कथा के दूसरे दिन सती चरित्र का मार्मिक वर्णन किया गया।

कथा व्यास भगवान भैया जी ने अपने प्रवचन में श्रद्धा, विश्वास और मर्यादा के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि संदेह व्यक्ति के पतन का कारण बनता है, जबकि विश्वास जीवन को सही दिशा देता है।

श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के साथ कथा का रसपान किया और पूरा पंडाल भक्ति में डूबा नजर आया।

SP_Singh AURGURU Editor