दिल्ली में यमुना की लहरों ने निगल लिए चार दोस्त, पांचवें ने रोकने की बहुत कोशिश की, नहीं माने किशोर; अलीपुर में अभी भी चल रहा रेस्क्यू ऒपरेशन

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बाहरी उत्तरी जिले के अलीपुर थाना क्षेत्र के हिरणकी गांव में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। यमुना नदी में नहाने उतरे चार किशोर तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए। उनके साथ मौजूद पांचवें दोस्त ने उन्हें नदी में उतरने से रोकने की भरसक कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। कुछ ही पलों में चारों गहरे पानी और तेज धारा में समा गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, एनडीआरएफ, दिल्ली अग्निशमन सेवा, डीडीएमए और गोताखोरों की टीमों ने बड़े स्तर पर तलाश अभियान शुरू किया, जो सोमवार पूर्वाह्न तक भी जारी था।

Jul 13, 2026 - 11:58
Jul 13, 2026 - 11:59
 0
दिल्ली में यमुना की लहरों ने निगल लिए चार दोस्त, पांचवें ने रोकने की बहुत कोशिश की, नहीं माने किशोर; अलीपुर में अभी भी चल रहा रेस्क्यू ऒपरेशन

नई दिल्ली। पुलिस के अनुसार हादसा रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे अलीपुर थाना क्षेत्र के हिरणकी गांव स्थित यमुना नदी के ठोकर नंबर-24 के पास हुआ। इब्राहिमपुर इलाके के रहने वाले पांच किशोर यमुना में नहाने पहुंचे थे। इनमें से चार किशोर नदी में उतर गए, जबकि उनका एक साथी किनारे पर ही खड़ा रहा। उसने अपने दोस्तों को कई बार तेज बहाव में न जाने की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने उसकी बात को नजरअंदाज कर दिया।

नदी में उतरने के कुछ ही मिनट बाद चारों किशोर तेज धारा में फंस गए। देखते ही देखते वे पानी में डूबने लगे और फिर लापता हो गए। यह दृश्य देखकर किनारे खड़े पांचवें किशोर ने घबराकर शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही अलीपुर थाना पुलिस, एनडीआरएफ, दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (डीडीएमए), दिल्ली अग्निशमन सेवा और स्थानीय गोताखोरों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। देर रात तक यमुना में व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अंधेरा और नदी का तेज बहाव राहत कार्य में बड़ी चुनौती बना रहा। सोमवार सुबह फिर से खोज अभियान शुरू किया गया और गोताखोरों ने नदी के कई हिस्सों में तलाशी ली।

पुलिस का कहना है कि लापता चारों किशोरों की तलाश जारी है। समाचार लिखे जाने तक उनकी आधिकारिक पहचान सार्वजनिक नहीं की गई थी और न ही उनके नामों की पुष्टि की गई थी। इसलिए प्रशासन की ओर से आधिकारिक जानकारी आने का इंतजार किया जा रहा है।

हादसे के बाद पुलिस ने लोगों से बरसात के मौसम में यमुना नदी से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि इस समय नदी का जलस्तर और बहाव सामान्य दिनों की तुलना में अधिक खतरनाक होता है। ऐसे में नदी में नहाना या गहरे पानी में उतरना जानलेवा साबित हो सकता है। पुलिस ने अभिभावकों से भी बच्चों पर विशेष नजर रखने और उन्हें नदी या अन्य जलाशयों के पास अकेले न जाने देने की अपील की है।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor