विश्व कप में दो दशक बाद फिर आमने-सामने फ्रांस और स्पेन, फाइनल का टिकट पाने के लिए डलास में होगी महामुकाबले की जंग

डलास। फीफा विश्व कप 2026 का पहला सेमीफाइनल बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात 12:30 बजे डलास स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां यूरोप की दो दिग्गज टीमें फ्रांस और स्पेन आमने-सामने होंगी। दोनों टीमें दो दशक बाद विश्व कप में एक-दूसरे का सामना कर रही हैं, जिससे यह मुकाबला टूर्नामेंट के सबसे बहुप्रतीक्षित मैचों में शामिल हो गया है।

Jul 14, 2026 - 12:49
Jul 14, 2026 - 12:51
 0
विश्व कप में दो दशक बाद फिर आमने-सामने फ्रांस और स्पेन, फाइनल का टिकट पाने के लिए डलास में होगी महामुकाबले की जंग
Ai Generated Image

विश्व कप इतिहास में दोनों देशों की पिछली भिड़ंत 2006 के संस्करण के प्री-क्वार्टर फाइनल (राउंड ऑफ 16) में हुई थी। उस मुकाबले में फ्रांस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पेन को 3-1 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया था। हालांकि दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए कुल 38 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में स्पेन का पलड़ा भारी रहा है। स्पेन ने 18 मैच जीते हैं, जबकि फ्रांस को 13 जीत मिली हैं। सात मुकाबले बराबरी पर समाप्त हुए।

इस बार फ्रांस की सबसे बड़ी ताकत उसके कप्तान किलियन एम्बाप्पे हैं। एम्बाप्पे मौजूदा विश्व कप में अब तक 8 गोल दाग चुके हैं और गोल्डन बूट की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं। दूसरी ओर स्पेन की निगाहें अपने युवा स्टार लामिन यमाल पर टिकी होंगी। महज 19 वर्षीय यमाल ने पूरे टूर्नामेंट में अपनी रचनात्मक खेल शैली से कई गोल के अवसर तैयार किए हैं। हालांकि उनके खाते में अभी केवल एक गोल दर्ज है।

दोनों टीमें आखिरी बार 2025 के यूईएफए नेशंस लीग के सेमीफाइनल में आमने-सामने आई थीं। उस रोमांचक मुकाबले में स्पेन ने फ्रांस को 5-4 से हराया था। यमाल ने उस मैच में दो गोल कर जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

फ्रांस ने इस विश्व कप में अब तक शानदार लय बनाए रखी है और अपने सभी छह मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल तक पहुंचा है। ग्रुप चरण में उसने सेनेगल को 3-1, इराक को 3-0 और नॉर्वे को 4-1 से हराया। इसके बाद नॉकआउट चरण में फ्रांस ने राउंड ऑफ 32 में स्वीडन को 3-0, राउंड ऑफ 16 में पैराग्वे को 1-0 और क्वार्टर फाइनल में मोरक्को को 2-0 से शिकस्त दी।

यदि फ्रांस इस मुकाबले में जीत दर्ज करता है तो वह लगातार तीसरी बार विश्व कप के फाइनल में जगह बनाने में सफल होगा। फ्रांस ने 2018 में विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था, जबकि 2022 के फाइनल में उसे अर्जेंटीना के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

उधर स्पेन भी पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहा है। टीम ने छह मैचों में पांच जीत दर्ज की हैं, जबकि एक मुकाबला ड्रॉ रहा। ग्रुप चरण में स्पेन ने सऊदी अरब को 4-0 और उरुग्वे को 1-0 से हराया, जबकि काबो वर्डे के खिलाफ मुकाबला गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद स्पेन ने राउंड ऑफ 32 में ऑस्ट्रिया को 3-0, राउंड ऑफ 16 में पुर्तगाल को 1-0 और क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम को 2-1 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।

अब दोनों यूरोपीय शक्तियां फाइनल का टिकट हासिल करने के लिए आमने-सामने होंगी। एक ओर एम्बाप्पे की धारदार आक्रमण क्षमता होगी तो दूसरी ओर यमाल की युवा ऊर्जा और स्पेन की संतुलित टीम। ऐसे में डलास का यह मुकाबला विश्व फुटबॉल प्रेमियों के लिए बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।

SP_Singh AURGURU Editor