रोमांचक मुकाबले में ग्लैडिएटर्स की गर्जना: कंसिस्टेंट चैंपियंस को चार विकेट से हराकर वीआरपी ने जीती ट्रॉफी
आगरा। खेल दिवस के अवसर पर आयोजित मैत्री क्रिकेट मुकाबले में वीआरपी ग्लैडिएटर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कंसिस्टेंट चैंपियंस को चार विकेट से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली। सेंट जोन्स ग्राउंड पर खेले गए इस रोमांचक मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया, लेकिन निर्णायक क्षणों में वीआरपी ग्लैडिएटर्स के बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मैच अपने पक्ष में कर लिया।
आगरा आईटी एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस मुकाबले में टॉस जीतकर वीआरपी ग्लैडिएटर्स ने कंसिस्टेंट चैंपियंस को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। निर्धारित ओवरों में कंसिस्टेंट चैंपियंस की टीम 19.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 115 रन ही बना सकी। टीम की ओर से धर्मेंद्र और नवीन ने 13-13 रन का योगदान दिया।
वीआरपी ग्लैडिएटर्स की ओर से गेंदबाजी करते हुए अवनीश और रवि ने शानदार प्रदर्शन किया और तीन-तीन विकेट लेकर विरोधी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया।
116 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वीआरपी ग्लैडिएटर्स की टीम ने संयम और आक्रामकता के साथ बल्लेबाजी करते हुए 17.1 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से प्रतीक ने 26 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि आशीष ने 19 रन बनाकर जीत में अहम भूमिका निभाई।
मैच के अंत में वीआरपी ग्लैडिएटर्स ने चार विकेट से शानदार जीत दर्ज करते हुए विजेता ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। शानदार गेंदबाजी के लिए रवि को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि मधुरम दोनेरिया को डिफेंडर ऑफ द मैच का सम्मान दिया गया।
मैच के दौरान नरेंद्र शर्मा ने कमेंट्री की जिम्मेदारी निभाई, जबकि मानवेन्द्र चौहान ने अंपायरिंग की भूमिका निभाई। स्कोरिंग का कार्य भुवनेश चौधरी ने संभाला।
इस अवसर पर आगरा आईटी एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलदीप सिंह सिकरवार, कौशल दीप, चतुर्भुज तिवारी, सुशांत गोविल, कपिल पोरस और तरुण सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मैच के समापन पर विजेता टीम वीआरपी ग्लैडिएटर्स के खिलाड़ियों ने ट्रॉफी के साथ खुशी मनाते हुए जीत का जश्न मनाया।