गोवर्धन के ऐरावत कुंड पर 270 स्वयंसेवकों ने संभाली स्वच्छता की कमान, नुक्कड़ नाटक से जगाई अलख

मथुरा। ब्रज के धार्मिक स्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए गोवर्धन स्थित ऐरावत कुंड पर 270 स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान चलाकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। ‘ब्रज वैभव अभियान’ के अंतर्गत आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने कुंड और आसपास के क्षेत्र से कचरा एकत्र किया। नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।

Oct 19, 2026 - 22:20
 0
गोवर्धन के ऐरावत कुंड पर 270 स्वयंसेवकों ने संभाली स्वच्छता की कमान, नुक्कड़ नाटक से जगाई अलख
गोवर्धन के एरावत कुंड में स्वच्छता अभियान चलाने वाले स्वयंसेवक।

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन, नगर निगम और हार्टफुलनेस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में विभिन्न शहरों और केंद्रों से आए अभ्यासी एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कई शहरों से जुटे स्वयंसेवक

स्वच्छता अभियान में मथुरा, आगरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, गुरुग्राम, भरतपुर, डीग, इगलास, कान्हा, खैर, हाथरस, टप्पल, सरसा, जयपुर, कोटा, अभैदोपुरा, सवाई माधोपुर, भोपाल, हैदराबाद, राजगढ़, अलवर और बहज सहित विभिन्न केंद्रों के स्वयंसेवक शामिल हुए। सभी ने मिलकर ऐरावत कुंड और आसपास के क्षेत्र में सफाई की तथा लोगों को धार्मिक स्थलों की स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता का संदेश

अभियान में सफाई के साथ जन-जागरूकता पर भी जोर दिया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को समझाया गया कि धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। अभियान का उद्देश्य केवल कचरा हटाना नहीं, बल्कि स्थानीय समुदाय और श्रद्धालुओं में स्वच्छता के प्रति जागरूकता तथा अपने परिवेश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी रहा।

ब्रज की पवित्रता और प्राकृतिक सुंदरता बचाने पर जोर

‘ब्रज वैभव अभियान’ के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य ब्रज की धार्मिक पवित्रता और प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखने के साथ स्थानीय समुदाय में स्वच्छता के प्रति स्वामित्व की भावना विकसित करना है, ताकि धार्मिक स्थलों की साफ-सफाई निरंतर बनी रहे।

ध्यान और सेवा के जरिए सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश

हार्टफुलनेस एक वैश्विक आध्यात्मिक संस्था है, जो ध्यान और योग के माध्यम से आंतरिक शांति तथा आत्म-विकास को प्रोत्साहित करती है। इसके वैश्विक मार्गदर्शक परम पूज्य दाजी, श्री कमलेश डी. पटेल, पद्म भूषण से सम्मानित आध्यात्मिक मार्गदर्शक हैं। संस्था की ओर से सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा दिया जाता है। ऐरावत कुंड पर आयोजित स्वच्छता अभियान इसी दिशा में सामूहिक सहभागिता का प्रयास रहा।

SP_Singh AURGURU Editor