आगरा के पापरी नागर में तीन सितंबर को कुश्ती का महासंग्राम, कई प्रदेशों के नामी पहलवान दिखाएंगे दमखम
-नीरज परिहार- पिनाहट (आगरा)। ब्लॉक क्षेत्र के गांव पापरी नागर स्थित गौशाला परिसर में 3 सितंबर को विशाल कुश्ती दंगल मेला आयोजित किया जाएगा। गोपाल गौ सेवा समिति की ओर से होने वाले इस दंगल में कई जिलों और प्रदेशों के नामी पहलवान अखाड़े में उतरेंगे। दंगल का उद्घाटन विधायक रानी पक्षालिका सिंह भदावर और पूर्व मंत्री राजा अरिदमन सिंह करेंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और बरसात को देखते हुए वाटरप्रूफ पंडाल और मंच भी तैयार किया गया है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष और आयोजक गोपाल ठाकुर पहलवान ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दंगल की तैयारियों और कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय परंपरा और खेल संस्कृति के संरक्षण के उद्देश्य से गोपाल गौ सेवा समिति के सहयोग से विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि दंगल में विभिन्न जिलों और प्रदेशों से पहलवान पहुंचेंगे और अपनी कुश्ती कला एवं दमखम का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन स्थल पर दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयारियां की जा रही हैं। बरसात की संभावना को देखते हुए दंगल स्थल पर वाटरप्रूफ पंडाल और मंच तैयार किया गया है।
आयोजकों को उम्मीद है कि दंगल देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग पापरी नागर पहुंचेंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रशासन का भी सहयोग लिया जा रहा है।
दंगल में अजय गुर्जर, युधिष्ठिर, भोला कसनी, चिराग और हरकेश जैसे भारत केसरी पहलवानों के भाग लेने की जानकारी दी गई। इसके अलावा महिला पहलवान भी दंगल में अपने दांव-पेच का प्रदर्शन करेंगी।
लाखों रुपये के होंगे पुरस्कार
दंगल में विजेता पहलवान के लिए प्रथम पुरस्कार के रूप में 2 लाख 51 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 1 लाख 51 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है।
आयोजक गोपाल ठाकुर ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कुश्ती दंगल मेला देखने और पहलवानों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अजीत चौहान, आकाश परिहार, रामू तोमर, बृजमोहन सिंह, भानु तोमर, भूरा परिहार आदि मौजूद रहे।