सौरव गांगुली की अर्जी हाई कोर्ट ने ठुकराई, कहा- फिल्म रिलीज होगी, सुनवाई शुक्रवार को भी जारी रहेगी
भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली की फिल्म 'दूसरा' की रिलीज पर रोक लगाने की क्रिकेटर की याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट ने गुरुवार को कोई भी आदेश देने से इनकार कर दिया। जस्टिस भट्ट ने साफ किया कि उन्होंने फिल्म को थिएटर में रिलीज होने से नहीं रोका है।
नई दिल्ली। दिल्ली हाई कोर्ट ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कैप्टन सौरव गांगुली की उस अर्जी को स्वीकार करने से गुरुवार को इनकार कर दिया, जिसमें 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में फिल्म 'दूसरा' की रिलीज पर रोक लगाने का अनुरोध किया गया था। पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने इस फिल्म को अपनी पर्सनैलिटी और कमर्शियल राइट्स के कथित उल्लंघन को चुनौती दी थी। बता दें कि ये फिल्म शुक्रवार को रिलीज होने जा रही है।
जस्टिस दिनेश भट्ट की वकेशन बेंच ने कहा कि फिल्म की रिलीज पर वे रोक नहीं लगा रहे हैं और सौरव गांगुलीकी याचिका पर सुनवाई शुक्रवार को भी जारी रहेगी।
इस मामले में गांगुली ने हाई कोर्ट में अपनी अर्जी लगाई है और आरोप लगाया है कि उनकी पहचान और क्रिकेट करियर से जुड़े रेफरेंस का इस्तेमाल इस तरह से किया गया है जो उनकी पर्सनैलिटी और कमर्शियल राइट्स का उल्लंघन करता है। गांगुली ने अपने इस अपील में इंडियन क्रिकेट में अपनी लीडरशिप, इंग्लैंड के खिलाफ ऐतिहासिक 2002 नेटवेस्ट सीरीज फाइनल और इंडिया की जीत के बाद लॉर्ड्स की बालकनी से उनके आइकॉनिक शर्टलेस सेलिब्रेशन का जिक्र है।
इसे लेकर ही क्रिकेटर ने अपनी पर्सनैलिटी से जुड़े पहलुओं की कथित तौर पर बिना इजाजत कमर्शियल इस्तेमाल के खिलाफ कानूनी सुरक्षा की मांग की है।
जस्टिस भट्ट ने याचिकाकर्ता से कहा, 'फिल्म कल (शुक्रवार) रिलीज होने वाली है। प्रथम दृष्टया Balance of convenience आपके पक्ष में नहीं है। हो सकता है कि आपके पास कोई महत्वपूर्ण अधिकार हो। लेकिन हम आज फिल्म के प्रदर्शन पर रोक नहीं लगा रहे हैं।' पीठ ने मामले पर अगली सुनवाई शुक्रवार के लिए निर्धारित की।
गांगुली के अलावा उनके जीवन पर आधारित बायोपिक का निर्माण कर रही 'लव फिल्म्स एलएलपी' भी इस मुकदमे में वादी है। 'दूसरा' के निर्माताओं की ओर से पेश सीनियर एडवोकेट ने भरोसा दिलाया कि 'दूसरा' कोई बायोपिक नहीं है। उन्होंने कहा कि वादी से जुड़ी कुछ वीडियो क्लिप के इस्तेमाल के लिए जरूरी अनुमतियां हासिल कर ली गई थीं।
हालांकि, गांगुली के वकील ने अपने मुवक्किल के 'व्यक्तित्व से जुड़े अधिकारों' के उल्लंघन की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि 'दूसरा' के निर्माण के लिए गांगुली से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। अदालत को बताया गया कि गांगुली के जीवन पर आधारित एक बायोपिक पहले से ही बन रही है।
बताया जा रहा है कि 'दूसरा' राजस्थान की एक मध्यवर्गीय लड़की की कहानी बयां करती है, जो भारत के पूर्व कप्तान से जुड़े कुछ खेल आयोजनों से प्रेरित होकर क्रिकेट की दुनिया में कदम रखती है।