भारत-यूएई और इजरायल की दोस्ती, टेंशन में सऊदी अरब और ईरान, पाकिस्तान भी परेशान

भारत, इजरायल और संयुक्त अरब अमीरात अपने द्विपक्षीय रक्षा और तकनीकी समझौतों को आगे बढ़ा रहे हैं। इनमें हाल के महीनों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, मिसाइल उत्पादन और समुद्री सुरक्षा से जुड़े समझौते शामिल हैं। इन तीनों देशों के बीच कोई औपचारिक त्रिपक्षीय समझौता मौजूद नहीं है, लेकिन गठबंधनों के जरिए ये देश सुरक्षा और व्यापार में इजाफा करना चाहते हैं।

May 25, 2026 - 21:29
 0
भारत-यूएई और इजरायल की दोस्ती, टेंशन में सऊदी अरब और ईरान, पाकिस्तान भी परेशान

इस्लामाबाद। मध्य पूर्व में आजकल उथल-पुथल का दौर चल रहा है। और ईरान के साथ युद्ध के बाद, नए हित उभर रहे हैं, जो क्षेत्रीय और वैश्विक परिदृश्य को नया रूप दे सकते हैं। भूगोल के लिहाज़ से अलग, लेकिन खतरों की पहचान और हितों के मामले में एक साथ आने वाले तीन देश भारत, इजरायल और संयुक्त अरब अमीरात हैं। इन तीनों देशों ने हाल के महीनों में अपने द्विपक्षीय रक्षा और तकनीकी समझौतों को आगे बढ़ाया है।

इन तीनों देशों ने द्विपक्षीय आधार पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, मिसाइल उत्पादन और समुद्री सुरक्षा से जुड़े कई समझौते किए हैं। हालांकि, इन तीनों देशों के बीच कोई औपचारिक त्रिपक्षीय समझौता मौजूद नहीं है, इसके बावजूद गठबंधनों के जरिए ये देश सुरक्षा और व्यापार में इजाफा करना चाहते हैं। हालांकि, कुछ ऐसे भी देश हैं, जिनकी भारत-इजरायल और यूएई के बीच मजबूत होते संबंधों से टेंशन बढ़ सकती है। इनमें सऊदी अरब, ईरान और पाकिस्तान शामिल हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, भारत, इजरायल और यूएई के बीच अलग-अलग हुए ये समझौते 2022 में अमेरिका के साथ बने आई2यू2 समूह की नींव पर आधारित हैं। इस समझौते की सबसे बड़ी खासियत सदस्य देशों की अलग-अलग क्षमताओं का लाभ उठाना है। जैसे- इजरायल की तकनीक के जरिए यूएई की लॉजिस्टिक्स क्षमता और भारत के बड़े पैमाने पर उत्पादन की क्षमता तीनों देशों को फायदा पहुंचा सकती है।

भारत, इजरायल और संयुक्त अरब अमीरात बड़े पैमाने पर खतरे का सामना कर रहे हैं। भारत की पाकिस्तान के साथ पुरानी दुश्मनी है। दोनों देश कई बार युद्ध लड़ चुके हैं। अभी पिछले साल ही भारत-पाकिस्तान में सशस्त्र संघर्ष हुआ था। इजरायल की ईरान के साथ दुश्मनी जगजाहिर है। दोनों देश अभी भी युद्ध में उलझे हुए हैं। इजरायल लंबे समय से ईरान को अपनी अस्तित्व के लिए खतरा मानता है। वहीं, यूएई का सऊदी अरब के साथ कई मोर्चों पर विवाद है। दोनों देश यमन और सूडान में भी आमने-सामने हैं।