हाथियों को मार कर लोगों को खिलाएगी नामीबिया की सरकार

विंडहोक। दक्षिण अफ्रीकी देश नामीबिया इन दिनों भीषण सूखे की चपेट में है। यहां के लोगों को भोजन के लिए भी तरसना पड़ रहा है। अब नामीबिया की सरकार जंगली जानवरों को मार कर लोगों को भोजन उपलब्ध कराने की योजना बना रही है। इनमें जंगली हाथी भी शामिल हैं।

Sep 3, 2024 - 11:18
 0
हाथियों को मार कर लोगों को खिलाएगी नामीबिया की सरकार

नामीबिया के वन, पर्यावरण और पर्यटन विभाग की सूचना के मुताबिक सरकार मानती है कि देश के प्राकृतिक संसाधनों का इस्तेमाल लोगों के हित में किया जा सकता है। यही कारण है कि पहले चरण में करीब 782 जंगली पशुओं को मारने पर विचार किया जा रहा है। इनमें करीब 78 हाथी हैं। 

सरकारी आंकड़ों के अनुसार नामीबिया के करीब एक करोड़ 40 लाख लोगों के सामने भुखमरी की स्थिति पैदा हो गई है। उन्हें इस स्थिति से निकालने के लिए जंगली जानवरों को मारने की योजना बनाई गई है। नामीबिया में सूखे के कारण फसलें नष्ट हो गई हैं और जानवरों को चारा भी नहीं मिल पा रहा है। 

सरकार समझती है कि इस स्थिति में जानवर शहर और गांवों का रुख करेंगे क्योंकि उन्हें भी भोजन की दरकार है। यदि इन जानवरों को मार कर लोगों को खाने के लिए उपलब्ध करा दिया जाए तो इससे काफी निजात मिलेगी। जानवर यदि शहरों या गांवों में आएंगे तो आम लोगों के लिए खतरा पैदा होगा।