अरुणाचल सीमा विवाद पर चीन ने तोड़ी चुप्पी, कहा - चीन ने समझौते की शर्तों का सख्ती से पालन किया, आईटीबीपी के डीजी ने किया था संघर्ष का जिक्र
अरुणाचल प्रदेश को लेकर शुरू हुए विवाद पर चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने सोमवार को कहा है कि चीन, दोनों देशों के बीच हुए समझौते में महत्वपूर्ण सहमतियों का सख्ती से पालन करता है। ताजा विवाद तब शुरू हुआ जब आईटीबीपी के डीजी ने बॉर्डर क्षेत्र में चीनी पीएलए से बार- बार संघर्ष में फंसने का जिक्र किया था।
बीजिंग। भारत के साथ सीमा विवाद को लेकर चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने सोमवार को कहा कि चीन ने दोनों देशों के बीच हुए समझौतों और महत्वपूर्ण सहमतियों का हमेशा सख्ती से पालन किया है। उन्होंने कहा है 'चीन अपनी क्षेत्रीय संप्रभुता और सीमा पर स्थिरता बनाए रखने के लिए सीमावर्ती इलाकों में नियमित गश्त और प्रबंधन का काम करता है।' चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने यह बात चीन-भारत सीमा पर जारी गतिरोध की खबरों के जवाब में कही है।
इस मामले पर भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा था कि ऐसी घटनाएं तब होती हैं जब चीनी सैनिक 'तय गश्त के रास्ते से हट जाते हैं जिससे अशांति पैदा होती है।' गुओ ने कहा कि चीन और भारत राजनयिक और सैन्य माध्यमों से एक-दूसरे के संपर्क में हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत भी इसी दिशा में काम करेगा ताकि दोनों पक्षों के बीच बनी सहमतियों को लागू किया जा सके और सीमावर्ती इलाकों में शांति व स्थिरता बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें। गुओ ने कहा कि चीन और भारत राजनयिक और सैन्य माध्यमों से एक-दूसरे के संपर्क में बने हुए हैं।
उन्होंने कहा चीन को उम्मीद है कि भारत भी उसी दिशा में काम करेगा ताकि दोनों पक्षों के बीच बनी सहमति को संयुक्त रूप से लागू किया जा सके और सीमावर्ती इलाकों में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें।
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था 'जैसा कि हमने पहले भी बताया है भारत-चीन सीमावर्ती इलाकों में स्थिति समय-समय पर तब बिगड़ जाती है जब चीनी सेनाएं तय गश्त के तरीकों से हट जाती हैं।' उन्होंने आगे कहा कि दोनों पक्ष सीमा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए कुछ खास इलाकों में 'लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल' को लेकर आपसी समझ बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा करने के लिए भी सहमत हुए हैं।
भारत और चीन के बीच का ताजा विवाद तब शुरू हुआ जब आईटीबीपी के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने गुरुवार को सार्वजनिक रूप से कहा कि हाल ही में अरुणाचल प्रदेश में एलएसी के कुछ खास बिंदुओं पर भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच आमना-सामना हुआ है जो अभी भी जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि एलएसी पर तैनात उनके बल के 'शौर्य' कमांडो ने इन स्थितियों से निपटने में 'बेहतरीन काम' किया है।