यमन के हूती विद्रोहियों का बड़ा दावा,  लाल सागर में भारतीय याट पर सऊदी अरब का हमला, हताहतों की जानकारी नही 

लाल सागर में भारत की एक छोटी नौका (याट) पर हमला हुआ है। हूती विद्रोहियों ने इस हमले का आरोप सऊदी अरब पर लगाया है। उन्होंने कहा है कि हूती सेना राहत और बचाव अभियान चला रही है। उसने ऐसी घटनाओं के लिए सऊदी अरब को जिम्मेदार ठहराने की अपील की और उसे अंतरराष्ट्रीय नौवहन के लिए खतरा बताया है।

Oct 22, 2026 - 20:58
 0
यमन के हूती विद्रोहियों का बड़ा दावा,  लाल सागर में भारतीय याट पर सऊदी अरब का हमला, हताहतों की जानकारी नही 

सना। यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि लाल सागर से गुजर रहे एक भारतीय याट पर सऊदी अरब ने हमला किया है। इस यॉट पर 14 लोग सवार बताए जा रहे हैं। उन्होंने हमले से भारतीय याट को हुए नुकसान या हताहतों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। यमनी सशस्त्र बलों के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी ने कहा है कि यमनी सेना बचाव अभियान चला रही है और इसके बारे में बाद में और ज्यादा जानकारी साझा की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए आरोप लगाया है कि सऊदी अरब की ऐसी गैरजिम्मेदाराना हरकत लाल सागर में अंतरराष्ट्रीय नौवहन के लिए खतरा है।

ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी ने कहा, "शुरुआती जानकारी के अनुसार, सऊदी दुश्मन ने ज़ुकार द्वीप के पास एक भारतीय नौका (याट) को निशाना बनाया है, जिसमें 14 भारतीय नागरिक सवार हैं। यमनी सशस्त्र बल उन्हें बचाने का काम कर रहे हैं और बाद में इस बारे में और जानकारी देंगे। सऊदी दुश्मन की यह गैर-जिम्मेदाराना हरकत, जिसमें उसने नौका को निशाना बनाया है, लाल सागर में अंतरराष्ट्रीय नौवहन (नेविगेशन) के लिए खतरा पैदा करती है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय को सऊदी दुश्मन को ऐसी गैर-जिम्मेदाराना हरकतें करने से रोकना चाहिए।"

एक अलग घटनाक्रम में सऊदी अरब के दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। इससे एक दिन पहले, सऊदी अरब के शायबा तेल क्षेत्र को निशाना बनाकर किए गए ड्रोन हमले में एक अन्य भारतीय नागरिक घायल हुआ था। यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब के अहम बुनियादी ढांचों पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि सऊदी अधिकारियों ने बुधवार रात दम्माम में किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में हताहतों की जानकारी दी है।

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बुधवार रात दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में जान गंवाने वाले दो लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल था। इस हमले में दो भारतीय नागरिक घायल हुए हैं।’’ दूतावास ने कहा कि वह घटना से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी जुटा रहा है और प्रभावित परिवारों के संपर्क में है। उसने कहा, ‘‘मृतक के परिवार और प्रियजनों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।’’