वैश्य समाज के अपमान पर भड़का आक्रोश, योगेंद्र उपाध्याय को 72 घंटे में माफी मांगने का अल्टीमेटम, माफी नहीं मांगी तो मंत्री आवास का घेराव, शहर में प्रदर्शन और पुतला दहन की चेतावनी

आगरा। उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के वैश्य समाज के संदर्भ में कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। आगरा के लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में 25 अक्टूबर को आयोजित वैश्य समाज की महाबैठक में मंत्री के बयान पर तीखा विरोध जताते हुए 72 घंटे के भीतर सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की गई। भारतीय वैश्य महासभा के अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में माफी नहीं मांगी गई तो मंत्री के आवास का घेराव किया जाएगा और व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। बैठक में समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने एकजुट होकर विरोध जताया और सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करने की मांग की।

Oct 26, 2026 - 05:35
 0
वैश्य समाज के अपमान पर भड़का आक्रोश, योगेंद्र उपाध्याय को 72 घंटे में माफी मांगने का अल्टीमेटम, माफी नहीं मांगी तो मंत्री आवास का घेराव, शहर में प्रदर्शन और पुतला दहन की चेतावनी
भारतीय वैश्य महासभा की बैठक में मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के विवादित बयान पर विरोध जताते वैश्य समाज के लोग।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए भारतीय वैश्य महासभा के अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि वैश्य समाज के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक पदों पर बैठे जनप्रतिनिधियों से मर्यादित और सम्मानजनक भाषा की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने मंत्री को 72 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होने पर वैश्य समाज लोकतांत्रिक तरीके से सड़कों पर उतरेगा और मंत्री के आवास के घेराव का कार्यक्रम आयोजित करेगा।

अग्रवाल महासभा के कोषाध्यक्ष विष्णु बिहारी गोयल ने कहा कि वैश्य समाज हमेशा से सर्वसमाज के कल्याण, दान और सेवा कार्यों में अग्रणी रहा है। ऐसे समाज के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया जाना अनुचित है। उन्होंने मंत्री से अपने शब्द वापस लेने और पूरे समाज से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की।

अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा कि वैश्य समाज का गौरवशाली इतिहास और राष्ट्र निर्माण में उसका योगदान रहा है। ऐसे समाज के प्रति अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल निंदनीय है। उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र का वैश्य समाज इस मुद्दे पर एकजुट है। समय रहते माफी नहीं मांगी गई तो पूरे ब्रज क्षेत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।

अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय मंत्री विनय अग्रवाल ने कहा कि वैश्य समाज देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। करों के भुगतान से लेकर सामाजिक सरोकारों और सेवा कार्यों तक में समाज का योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा समाज के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग स्वीकार नहीं किया जा सकता।

अग्रवाल युवा संगठन के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने कहा कि समाज के सम्मान के लिए संगठन पीछे नहीं हटेगा। निर्धारित समय सीमा में माफी नहीं मिलने पर शहर में विभिन्न स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे और पुतला दहन किया जाएगा।

बैठक में मौजूद समाज के प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने कहा कि राजनीतिक दलों तथा जनप्रतिनिधियों को सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज के स्वाभिमान से जुड़े इस मामले में विरोध लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा।

बैठक की व्यवस्थाओं में संजय सिंघल, राजकुमार अग्रवाल, रामकुमार अग्रवाल, अंबुज अग्रवाल और जिनेश अग्रवाल ने प्रमुख भूमिका निभाई।

बैठक में राजीव अग्रवाल (प्रतिनिधि वैश्य समाज, अछनेरा), राजकुमार गर्ग (महानगर अध्यक्ष, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन), विष्णु बिहारी गोयल (कोषाध्यक्ष, अग्रवाल महासभा), उमाकांत गर्ग (अछनेरा), पुनीत बिन्दल, सुधीर कुमार गर्ग, विजय कुमार गोयल, अनिल अग्रवाल, नरेंद्र सिंघल (आर्य, मंडल अध्यक्ष), वी.के. अग्रवाल (अग्रवंश ट्रस्ट), बॉबी जोनई वाले, जिनेश अग्रवाल, हेमलता अग्रवाल (महिला अध्यक्ष), पवन अग्रवाल (तार वाले), प्रवीण अग्रवाल (मंडल अध्यक्ष), अतुल कुमार गर्ग, संदीप मित्तल, प्रकाश कुमार बंसल, संजीव कुमार मित्तल, ऋषि गुप्ता, दिनेश बंसल (अध्यक्ष, अग्रवाल संगठन सेवला), संजय सिंघल (अध्यक्ष, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन), सुशील अग्रवाल (उपाध्यक्ष, अग्र धाम सेवा सदन), सचिन अग्रवाल (महामंत्री), शैलू अग्रवाल, राम अग्रवाल, अंबुज अग्रवाल, सुधीर गोयल, राम चरण पोरवाल, हरिओम गोयल, नेमीचंद अग्रवाल (फतेहपुर सीकरी), दिनेश अग्रवाल (एडवोकेट) सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor