खरगे के बयान पर भड़की बीजेपी,  एक्स पर लिखा- मोदी कहीं नहीं जाएगा ब्रो,   पटना-भोपाल से जम्मू तक भारी बवाल

मल्लिकार्जुन खरगे के पटना में दिए गए एक बयान के बाद देश भर में बीजेपी के कार्यकर्ता कांग्रेस के खिलाफ बड़े पैमाने पर प्रदर्शन कर रहे हैं। बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष से माफी की मांग की।  

Oct 26, 2026 - 18:35
 0
खरगे के बयान पर भड़की बीजेपी,  एक्स पर लिखा- मोदी कहीं नहीं जाएगा ब्रो,   पटना-भोपाल से जम्मू तक भारी बवाल


 
नई दिल्ली।   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कथित अपमानजनक बयानों के बाद देश में राजनीति गरमाई हुआ है। पटना, दिल्ली, जयपुर समेत कई राज्यों में बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। खरगे की टिप्पणी को लेकर बीजेपी ने एक्स पर तंज कसते हुए कहा कि इट्स डन ब्रो..., मोदी कहीं नहीं जाएगा। दिल्ली बीजेपी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से माफी की मांग की।

बीजेपी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, 'डियर खरगे, मोदी कहीं नहीं जाएगा। उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री चुना गया है। उनके पास हमारे वोट हैं ब्रो, जो आपके आका को कभी नहीं मिलेगा। पटना में एक कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी के खिलाफ खरगे की ओर से की गई कथित टिप्पणी को लेकर बीजेपी ने देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया था। मध्य प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को राजनीतिक मर्यादा का उल्लंघन और अपमानजनक करार दिया है।

बिहार बीजेपी ने खरगे की टिप्पणी के विरोध में पटना में मार्च निकाला और उनका पुतना फूंका। बीजेपी का ‘जन आक्रोश मार्च’ पटना स्थित पार्टी मुख्यालय से शुरू होकर आयकर गोलंबर पहुंचा। वहां प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी की मौजूदगी में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मल्लिकार्जुन खरगे का पुतला फूंका। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने खरगे और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी भी की। 

जयपुर में भी मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ बीजेपी के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस दफ्तर का घेराव करने जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बीच रास्ते रोका। बीजेपी के कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़कर कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। बीजेपी प्रदेश मुख्यालय से चौमूं हाउस सर्किल पर प्रदेश पदाधिकारी, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और एससी मोर्चा की ओर से नारेबाजी की जा रही है।

चंडीगढ़ में भी बीजेपी ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पार्टी कार्यकर्ता सेक्टर 33 के ऑफिस से चंडीगढ़ कांग्रेस के सेक्टर 34 के दफ्तर की तरफ कूच कर रहे हैं। हालांकि पुलिस ने बीच में बैरिकेड लगा दी है और वॉटर भी कैनन भी डिप्लॉय किए गए हैं। 

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, 'अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करना कांग्रेस की विरासत बन गई है। कांग्रेस के जितने भी अध्यक्ष हो रहे हैं, वे लगातार प्रधानमंत्री के परिवार पर हमला करते हैं। उनको अपमानित करते हैं। प्रधानमंत्री को लेकर अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हैं। कांग्रेस पूरी तरह से दिवालिया मानसिकता के साथ आगे बढ़ रही है, जो मानसिकता वर्तमान कांग्रेस में दिखाई दे रही है। सोनिया गांधी ने कभी किस प्रकार के शब्दों का प्रयोग किया, राहुल गांधी प्रतिदिन किस प्रकार से शब्दों की मर्यादा तो तोड़कर भाषा का प्रयोग करते हैं तो उनके अध्यक्ष से भी इसी प्रकार के शब्द देखने को मिल रही है।' 

उन्होंने कहा, 'मैं कह सकता हूं कि कांग्रेस इस समय कहीं न कहीं हताशा और निराशा में है। यही कारण है कि वे इस प्रकार के शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। मैं उन्हें फिर कहता हूं कि इस देश के करोड़ों लोगों ने प्रधानमंत्री को आशीर्वाद दिया है। अगर आप उनको अपमानित करेंगे तो देश के करोड़ों लोग इसकी सजा आपको देते रहे हैं, आगे भी देंगे।