बरेली में न्यायालय लॉकअप से कैदी फरार, सुरक्षा में चूक पर आठ पुलिसकर्मी निलंबित
-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया मोटरसाइकिल चोरी का आरोपी सचिन पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। 21 अक्टूबर को हुई इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने आठ पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस, एसओजी, कोतवाली और सुभाषनगर थाना पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में आठ पुलिसकर्मियों समेत मुकदमा दर्ज किया गया है।
क्षेत्राधिकारी प्रथम आशुतोष शिवम ने शनिवार को बताया कि आरोपी सचिन पुत्र चंद्रभान को 21 अक्टूबर को जिला कारागार से न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया था। इसी दौरान न्यायालय लॉकअप से पेशी के लिए ले जाते समय वह पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपी की तलाश शुरू कराई।
आठ पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई, मुकदमा दर्ज
आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के मामले में थाना कोतवाली में सचिन और आठ पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, मुकदमा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 261 और 262 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस अभिरक्षा में गंभीर चूक सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
मोटरसाइकिल चोरी के मामले में जेल में बंद था सचिन
क्षेत्राधिकारी प्रथम आशुतोष शिवम के अनुसार, फरार आरोपी सचिन नवंबर 2025 से जिला कारागार में बंद था। उसके खिलाफ नवंबर 2025 में बरेली के किला थाने में मोटरसाइकिल चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में उसे न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया था।
चार पुलिस टीमें तलाश में जुटीं
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस, एसओजी, कोतवाली और सुभाषनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। घटना के बाद न्यायालय परिसर में बंदियों की सुरक्षा, निगरानी और पुलिस अभिरक्षा की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।