आगरा के लोहा मंडी में जूता फैक्ट्री में भीषण आग, घनी आबादी में मचा हड़कंप, दमकल की मशक्कत से टला बड़ा हादसा

आगरा के थाना लोहा मंडी क्षेत्र के खाती पाड़ा में आलमगंज पुलिस चौकी के पीछे जूता फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। घनी आबादी के बीच लगी आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। संकरी गलियों के कारण दमकल को पहुंचने में दिक्कत हुई, लेकिन दो दमकल गाड़ियों और पुलिस की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझने से बड़ा हादसा टल गया।

Mar 9, 2026 - 13:32
 0
आगरा के लोहा मंडी में जूता फैक्ट्री में भीषण आग, घनी आबादी में मचा हड़कंप, दमकल की मशक्कत से टला बड़ा हादसा
फैक्ट्री में लगी भीषण आग।

आगरा। थाना लोहा मंडी क्षेत्र के खाती पाड़ा इलाके में स्थित आलमगंज पुलिस चौकी के पीछे एक जूता बनाने की फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में उसकी लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं और आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। घनी आबादी वाले इस इलाके में आग लगने की खबर मिलते ही लोग अपने घरों से निकलकर सड़कों पर आ गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार फैक्ट्री में जूते बनाने का काम किया जाता है, जिसमें भारी मात्रा में केमिकल और ज्वलनशील सामग्री का इस्तेमाल होता है। आग लगने के बाद इन केमिकल्स के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया, जिससे आसपास के मकानों में भी आग फैलने का खतरा पैदा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन संकरी गलियों के कारण दमकल की गाड़ियों को फैक्ट्री तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद दमकल विभाग की दो गाड़ियों और पुलिस की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री मालिक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घनी आबादी के बीच कई वर्षों से जूते बनाने का काम किया जा रहा है, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। लोगों का कहना है कि फैक्ट्री में इस्तेमाल होने वाले केमिकल्स के कारण यदि आग समय रहते काबू में नहीं आती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी है।