जेन जी पर भड़कीं अक्षरा सिंह,  बोलीं-  लड़कियों को जलील करते हो,  शर्म नहीं आती,  बिहार का नाम रोशन करो

भोजपुरी स्टार पवन सिंह के वीडियो के बाद अक्षरा सिंह का भी एक वीडियो सामने आया है जिसमें वो एक लड़के की क्लास लगाती नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि दूसरे Gen Z को देखो वो क्या करते हैं और बिहार का नाम खराब मत करो। आपके घर की ही बेटी हूं।

Oct 20, 2026 - 20:36
 0
जेन जी पर भड़कीं अक्षरा सिंह,  बोलीं-  लड़कियों को जलील करते हो,  शर्म नहीं आती,  बिहार का नाम रोशन करो

पटना।  भोजपुरी एक्टर और गायक पवन सिंह ने बिहार के मुंगेर में दुर्गा पूजा कार्यक्रम के दौरान अक्षरा सिंह और उनके माता-पिता से माफी मांगी। घटना मुंगेर जिले के कल्याणपुर स्थित ऐतिहासिक बड़ी दुर्गा महारानी मंदिर में दुर्गा महोत्सव के दौरान घटी। पवन सिंह कार्यक्रम में परफॉर्म कर रहे थे, तभी दर्शकों के बीच हंगामा होने के बाद वह कुछ देर के लिए रुक गए। अब, अक्षरा सिंह का भी एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो जेन जी को सबक सिखाती नजर आ रही हैं।

अक्षरा सिंह की तरफ देखकर शायद किसी लड़के ने मुंह बनाया था और इशारा भी किया, उसी को उन्होंने जवाब दिया और माइक लेकर लताड़ा। अक्षरा ने लड़के से कहा, 'थोड़ा लथैरागीरी करो लेकिन खींखीं-खींखीं मत करो, उसको थेथरई बोलते हैं। तुम जैसे लोगों को देखकर ही बड़ी हुई हूं। मुंह बनाकर जो जा रहे हो, ये अच्छी बात नहीं है।'

उन्होंने आगे कहा, 'इधर-उधर बिहार में जो देखने को मिल रहा है, लड़कियों को आप लोग जलील करते हैं, शर्म नहीं आती आपको। जेन जी इसका नाम नहीं है। जेन जी है लड़कियों का सम्मान करना। अगर आपको बनना है तो अभी के नए जेन जी से मिलिए। पागल जैसे खींखीं खीं खीं कर रहे हो। बिहार का नाम रोशन करो।'

इससे पहले, भीड़ को संबोधित करते हुए, पवन सिंह ने अक्षरा और उनके माता-पिता के बारे में बात करते हुए कहा, 'अक्षरा मेरा बाबू है, मेरा बेटा है। उनके पिता जी मेरे भैया हैं और उनकी माताजी मेरी भाभी हैं। मैं दिल से सॉरी बोलता हूं। अगर अक्षरा जी के माता-पिता को मेरे चलते बुरा महसूस हुआ है और गलत लगता है, तो मैं भैया-भाभी को सॉरी बोलता हूं। और उन्हें प्रणाम करता हूं।'

दर्शकों ने तालियों से जवाब दिया। इसके बाद पवन सिंह ने पूछा कि कितने लोग उन्हें और अक्षरा सिंह को दोबारा साथ काम करते देखना चाहते हैं। कई लोगों ने इस विचार के समर्थन में हाथ उठाया।

ऐसी चर्चा थी कि पवन सिंह और अक्षरा सिंह रिलेशनशिप में थे और वे भोजपुरी इंडस्ट्री की सबसे लोकप्रिय ऑन-स्क्रीन जोड़ियों में से एक बन गए थे। हालांकि, बताया जाता है कि 2018 में पवन सिंह की ज्योति सिंह से शादी के बाद उनका रिश्ता खत्म हो गया।

इस ब्रेकअप के बाद उनके बीच काफी विवाद हुआ। अक्षरा ने पवन सिंह पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न, धमकी देने और उनके करियर को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने का आरोप लगाया, जिसके बाद उन्होंने उनके खिलाफ FIR दर्ज कराई। उन्होंने इंडस्ट्री में मौजूद 'दोहरे मापदंडों' (डबल स्टैंडर्ड्स) के बारे में भी खुलकर बात की। अक्षरा का कहना था कि ब्रेकअप के बाद उन्हें लोगों की आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। वहीं, बाद में उन्होंने पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह को उनके तलाक और गुजारे भत्ते (एलिमनी) की कानूनी कार्यवाही के दौरान अपना समर्थन दिया।