आखिरी क्वार्टर में सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी का पलटवार, धौलपुर को 6-4 से हराकर जीता रोमांचक मुकाबला

आगरा। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मैत्री हॉकी मुकाबले में सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी ने धौलपुर अकादमी को 6-4 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। दो गोल की बढ़त बनाने के बाद बराबरी पर पहुंची सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी ने अंतिम क्वार्टर में आक्रामक खेल दिखाते हुए लगातार दो गोल दागे और मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, तेज रफ्तार और रचनात्मक हॉकी का प्रदर्शन किया। नितिन सिंह के दो गोल और अंतिम क्वार्टर में दिनेश शर्मा तथा राजवीर सिंह के निर्णायक गोल सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी की जीत के प्रमुख आकर्षण रहे।

Oct 25, 2026 - 21:40
 0
आखिरी क्वार्टर में सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी का पलटवार, धौलपुर को 6-4 से हराकर जीता रोमांचक मुकाबला

मैच के पहले हाफ में सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी ने 4-2 की बढ़त हासिल कर ली। टीम की ओर से नितिन सिंह ने दो गोल किए, जबकि अनुज सिंह और डॉ. जयशंकर यादव ने एक-एक गोल दागा। धौलपुर अकादमी की ओर से अंकित त्यागी और रोहित बंसल ने एक-एक गोल करके टीम को मुकाबले में बनाए रखा।

दूसरे हाफ में धौलपुर अकादमी ने शानदार वापसी की। टीम के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी की बढ़त खत्म कर दी और स्कोर 4-4 से बराबर कर दिया। इस दौरान योगेश थापा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए धौलपुर की वापसी में अहम भूमिका निभाई। बराबरी के बाद मुकाबला और रोमांचक हो गया।

अंतिम क्वार्टर में दो गोल से तय हुई जीत

निर्णायक दौर में सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी ने फिर से आक्रामक रुख अपनाया। दिनेश शर्मा ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद राजवीर सिंह ने शानदार फील्ड गोल दागकर स्कोर 6-4 कर दिया। अंतिम क्वार्टर में किए गए इन दो गोलों की बदौलत सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी ने मुकाबले में जीत हासिल की।

खिलाड़ियों का परिचय लेकर बढ़ाया उत्साह

मैच के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ खिलाड़ी एवं खेलों के प्रति समर्पित अमिताभ गौतम ने भी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर प्रमुख समाजसेवी एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी धर्मेंद्र बघेल, वरिष्ठ खिलाड़ी अमीन उल्लाह और फिरोज खान सहित कई गणमान्य खेलप्रेमी मौजूद रहे। मैच में अंपायर की भूमिका अजय राजपूत सिंह और धर्मेंद्र बघेल ने निभाई।

मैत्री मैचों से खिलाड़ियों को मिलता है अनुभव: राजीव सोई

सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के अध्यक्ष राजीव सोई ने कहा कि अकादमी की ओर से समय-समय पर इस तरह के मैत्री मैच आयोजित किए जाते हैं। इन मुकाबलों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, बेहतर खेल अनुभव हासिल करने और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की।

दोनों टीमों के खिलाड़ी

धौलपुर अकादमी की ओर से आदित्य शर्मा, अंकित त्यागी, योगेश थापा, सूरज तोमर, अमन तोमर, मोहम्मद उवैद, रजा खान, रोहित बंसल, आर्यन गुर्जर, दीनू गौर और अर्पित डोयला ने खेल में भाग लिया।

सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी की टीम में गोलकीपर रघु के अलावा दिनेश शर्मा, दिलीप शर्मा, अनुज सिंह, कुणाल सिंह, नितिन सिंह, राजवीर सिंह, गोपाल भगत, गौरव रौतेला, पवन कुमार और शकलीन खान शामिल रहे।

SP_Singh AURGURU Editor