सुदेश भोसले की मिमिक्री और सदाबहार गीतों पर झूमे संगीत प्रेमी, ब्रजरज उत्सव में लोकनृत्य और रासलीला ने भी मोहा मन

मथुरा। ब्रजरज उत्सव में सोमवार को सुदेश भोसले की मिमिक्री और सदाबहार फिल्मी गीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। धौली प्याऊ रेलवे मैदान में आयोजित म्यूजिकल इवनिंग में भोसले ने अमिताभ बच्चन सहित फिल्मी सितारों की आवाज की नकल और लोकप्रिय गीतों से खूब तालियां बटोरीं। वहीं, लोकगीतों, कथक और चरकुला नृत्य ने ब्रज की सांस्कृतिक विरासत के रंग बिखेरे। वृंदावन के स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह में गीता शोध संस्थान के प्रशिक्षुओं ने रासलीला का मंचन कर उत्सव में भक्ति और अध्यात्म का रंग घोला।

Oct 26, 2026 - 21:13
 0
सुदेश भोसले की मिमिक्री और सदाबहार गीतों पर झूमे संगीत प्रेमी, ब्रजरज उत्सव में लोकनृत्य और रासलीला ने भी मोहा मन
ब्रजरज उत्सव के अंतर्गत सोमवार को आयोजित म्यूजिकल ईवनिंग में मंच पर परफॊर्म करते सुदेश भोसले और सांसद हेमा मालिनी।

गीता शोध संस्थान वृंदावन के प्रशिक्षु बालक बालिकाएं स्वामी श्री हरिदास ऑडिटोरियम में रासलीला व महारास प्रस्तुत करते हुए।

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित ब्रजरज उत्सव के चौथे दिन धौली प्याऊ रेलवे मैदान में दिनभर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला चलता रहा। देर शाम सुदेश भोसले की म्यूजिकल इवनिंग उत्सव का प्रमुख आकर्षण बनी। अपनी विशिष्ट मिमिक्री और दमदार गायकी के लिए मशहूर भोसले ने सिने अभिनेत्री एवं सांसद हेमा मालिनी की मौजूदगी में ‘बड़ी देर भई नंदलाला, तेरी राह तके ब्रजबाला’ गीत से प्रस्तुति की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने हेमा मालिनी के साथ ‘क्या खूब लगती हो, बड़ी सुंदर दिखती हो’ गीत गाया। ‘प्यार दीवाना होता है, मस्ताना होता है’ जैसे सदाबहार गीतों का दौर भी चला। फिल्मी सितारों की आवाज की उनकी हूबहू नकल ने दर्शकों को खूब लुभाया और देर रात तक तालियों की गूंज सुनाई देती रही।

कार्यक्रम के समापन पर सुदेश भोसले को सांसद हेमा मालिनी, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, सीईओ लक्ष्मी नागप्पन, विप्रा सचिव आशीष कुमार सिंह और पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के सदस्य ठाकुर राजेंद्र सिंह ने सम्मानित किया।

लोकगीतों और नृत्य में दिखे ब्रज संस्कृति के रंग

दिन में मंच पर लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। हकीम सिंह के लोकगीत गायन और गंगा रानी चतुर्वेदी की लोकगायकी ने ब्रज के लोकसंगीत की मिठास घोली। सरिता यादव ने कथक एवं लोकनृत्य प्रस्तुत किया, जबकि दानी शर्मा ने पारंपरिक लोकनृत्यों और चरकुला नृत्य के माध्यम से ब्रज की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक दिखाई।

रासलीला में जीवंत हुईं श्रीकृष्ण की लीलाएं

वृंदावन स्थित स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह में गीता शोध संस्थान के प्रशिक्षुओं ने रासलीला का मंचन किया। संगीत, संवाद और अभिनय के जरिए भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं को जीवंत किया गया। प्रस्तुति ने दर्शकों को ब्रज की भक्ति परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ा। कार्यक्रम के बाद कलाकारों को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के एसीईओ राजीव पांडेय, डिप्टी सीईओ सतीश चंद्र, विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता अमरदीप, परिषद के सहायक अभियंता जेके जैन, चंद्रिका राय और अनूप शर्मा ने सम्मानित किया।

खरीदारी और खानपान का भी उठाया आनंद

धौली प्याऊ रेलवे मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मेले की रौनक भी बनी रही। हस्तशिल्प, हथकरघा, खादी और स्थानीय उत्पादों की दुकानों पर लोगों ने खरीदारी की। खानपान के स्टॉलों पर विभिन्न व्यंजनों का आनंद लेने के साथ लोगों ने मनोरंजन के आकर्षणों का भी लुत्फ उठाया। इस तरह ब्रजरज उत्सव में लोकसंस्कृति, संगीत, खरीदारी और खानपान का संगम देखने को मिला।

मंगलवार को भजन, कथक और संगीत प्रस्तुतियां

ब्रजरज उत्सव में मंगलवार को दोपहर 2:30 बजे धौली प्याऊ रेलवे मैदान में खुशी गोस्वामी की भजन क्लबिंग प्रस्तुति होगी। दोपहर 3:30 बजे शिल्पी फाउंडेशन की सांस्कृतिक संध्या और शाम 4:30 बजे चेतना शर्मा का कथक नृत्य आयोजित होगा। शाम 5:30 बजे एकता जैन लोकगायन एवं नृत्य प्रस्तुत करेंगी, जबकि शाम 7 बजे रूट्स नादात्म बैंड की संगीत प्रस्तुति होगी। वृंदावन के स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह में शाम 6 बजे शिवानी मिश्रा ‘कलर्स ऑफ यूपी’ कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी।

SP_Singh AURGURU Editor