अमेरिकी बंधकों की हत्या का परिणाम हमास के नेता भुगतेंगे-जो बाइडेन
वाशिंगटन डीसी । इजरायल में सात अक्टूबर को हुए हमले में बंधक बनाए गए 23 वर्षीय इजराइली अमेरिकन हर्श गोल्डबर्ग की लाश मिलने की खबर से अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन बुरी तरह भड़क गए हैं।
इस युवक का शव पांच अन्य बंधकों के शव के साथ राफा शहर के नीचे एक सुरंग से बरामद किया गया। बाइडेन ने चेतावनी दी है कि हमास के नेताओं को इन अपराधों के परिणाम भुगतने होंगे।
उन्होंने बचे हुए अमेरिकी बंधकों की सुरक्षित वापसी की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है।
बता दें कि गाजा पट्टी स्थित एक सुरंग से छह बंधकों के शव मिले हैं। व्हाइट हाउस से जारी स्टेटमेंट में अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि इस घटना ने उन्हें झकझोर दिया है, वे बेहद गुस्से में हैं। हर्श ने हमास के हमले में अपने साथियों को बचाते हुए अपना हाथ खो दिया था। वह पूरा संसार घूमना चाहता था। जो बाइडेन ने कहा कि वह हर्श के माता पिता को जानते हैं। जो कुछ उन्होंने सहा है वह अकल्पनीय है। शब्द उनके दुख को बयां नहीं कर सकते।
जो बाइडेन ने आगे कहा कि वह दिन रात हर्श सहित इजराइली अमेरिकी बंधकों को लाने का प्रयास कर रहे थे। हर्श का शव मिलने की खबर ने उनका दिल तोड़ दिया है। वह बचे हुए बंधकों की सुरक्षित रिहाई के लिए दिन-रात काम करते रहेंगे।