403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी सर्वजन सनातन पार्टी, आगरा से राजनीतिक मैदान में उतरे पूर्व सीबीआई निदेशक एम. नागेश्वर राव
आगरा। उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नए दल सर्वजन सनातन पार्टी (ससपा) ने आगरा से अपनी राजनीतिक गतिविधियों की शुरुआत करते हुए प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सीबीआई निदेशक एम. नागेश्वर राव ने संजय प्लेस स्थित पीएल पैलेस होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी की विचारधारा, राजनीतिक एजेंडे और भविष्य की कार्ययोजना का खुलासा किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ससपा न भाजपा की बी-टीम है, न कांग्रेस या किसी अन्य दल की। पार्टी का उद्देश्य सभ्यतागत पुनर्जागरण, समान न्याय और सबकी समृद्धि के माध्यम से भारत का पुनर्निर्माण करना है।
नागेश्वर राव ने कांग्रेस पर धर्मनिरपेक्षता से विश्वासघात करने, भाजपा पर हिंदुत्व के दावों पर खरा नहीं उतरने तथा सपा-बसपा पर जाति और पहचान की राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में कानून के बजाय बुलडोजर का राज चल रहा है। बुलडोजर को कानून-व्यवस्था का पर्याय बनाना उचित नहीं है।
पार्टी की भारत पुनर्निर्माण योजना के चार प्रमुख आधार बताए गए। इनमें सभी को गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क शिक्षा, निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा, सभी के लिए आजीविका और भारत को उसकी सभ्यतागत पहचान से दोबारा जोड़ना शामिल है। पार्टी ने जाति आधारित आरक्षण की व्यापक समीक्षा के बाद उसकी जगह जरूरत आधारित 'युक्त-आरक्षण' लागू करने, एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम और यूजीसी विनियमों को निरस्त करने तथा गोमाता को राज्य माता और राष्ट्रमाता घोषित करने की प्रतिबद्धता जताई। इसके अलावा परिवार को सामाजिक संस्था के रूप में मजबूत करने, परिवार आयकर व्यवस्था लागू करने और किसानों को प्रति एकड़ न्यूनतम सुनिश्चित आय देने का प्रस्ताव रखा।
आगरा के औद्योगिक विकास का मुद्दा उठाते हुए नागेश्वर राव ने ताज ट्रेपेजियम जोन (टीटीजेड) के प्रतिबंधों को नए उद्योगों और मौजूदा इकाइयों के विस्तार में बाधक बताया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण जरूरी है, लेकिन इसके नाम पर युवाओं को रोजगार और अवसरों से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। ससपा गैर-प्रदूषणकारी उद्योगों और प्रभावी प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्था वाले उद्योगों की स्थापना की अनुमति के लिए कड़े पर्यावरणीय सुरक्षा उपायों के साथ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी।
इस अवसर पर एडवोकेट अरुण पचौरी को पार्टी का आगरा जिला अध्यक्ष घोषित किया गया। प्रदेश उपाध्यक्ष रितु राठौर और वीरेन्द्र दुबे भी मौजूद रहे।
खेरागढ़ में एक नवंबर को संगठन विस्तार सभा
पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए रविवार, एक नवंबर को खेरागढ़ के नगला उदईया रोड स्थित राजमहल गार्डन में सुबह 11 बजे से सभा आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभा के आमंत्रण पत्र का विमोचन करते हुए बताया कि इसमें नए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जोड़ने, संगठन मजबूत करने तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।