ब्रजरज उत्सव में अतुल पंडित की आवाज पर झूम उठा धौली प्याऊ, ‘राम आएंगे’ से भक्ति का रंग तो बॉलीवुड तरानों से सजी संगीत की महफिल
मथुरा। ब्रजरज उत्सव की शुक्रवार की संगीत संध्या बॉलीवुड के सदाबहार गीतों, भजनों और देशभक्ति संगीत के नाम रही। धौली प्याऊ रेलवे ग्राउंड के सांस्कृतिक मंच पर गायक अतुल पंडित ने अपनी म्यूजिकल कॉन्सर्ट से ऐसा समां बांधा कि श्रोता देर तक झूमते रहे। ‘मेरी झोपड़ी के भाग्य आज खुल जाएंगे, राम आएंगे’ सहित लोकप्रिय भजनों और 90 के दशक के बॉलीवुड नगमों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ब्रजरज उत्सव में खरीदारी, खानपान और मनोरंजन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। उत्सव स्थल पर दिनभर चहल-पहल बनी रहती है और शाम होते ही सांस्कृतिक मंच पर गीत-संगीत की महफिल सज जाती है। शुक्रवार को अतुल पंडित की प्रस्तुति में सुरों की मिठास, रॉक संगीत का जोश और मंच पर उनका दमदार अंदाज दर्शकों को खासा पसंद आया।
कार्यक्रम में भक्ति संगीत की शुरुआत ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। अतुल पंडित ने ‘सांवरिया तेरे लिए जोगिन भेष बनाया’, ‘जय राधा माधव’, ‘तेरा सुंदर रूप सलोना’, ‘बम लहरी’, ‘राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी’, ‘राधे अलबेली सरकार’, ‘श्रीराम जानकी’ और ‘हर हर शंभू’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। इन गीतों पर श्रोता भक्तिरस में सराबोर नजर आए।
इसके बाद उन्होंने ‘तुमसे मिलके प्यार दिल का’, ‘दिल पे जख्म खाते हैं’, ‘तेरी दीवानी’, ‘दिलरुबा’ और ‘पिया रे पिया रे’ जैसे लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों से संगीत संध्या में नया रंग भर दिया। वहीं, देशभक्ति गीत ‘दिल दिया है जान भी देंगे’ और ‘सुनो गौर से दुनिया वालों’ की प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकार का उत्साह बढ़ाया। भक्ति, रोमांस, बॉलीवुड और देशभक्ति संगीत के इस संगम ने देर तक श्रोताओं को बांधे रखा।
इससे पहले धौली प्याऊ रेलवे मैदान में शालिनी शर्मा ने लोक संगीत गायन प्रस्तुत किया। सुशील कुमार ने साथी कलाकारों के साथ भजन और लोकगीतों की प्रस्तुति दी, जबकि कन्हैया लाल चतुर्वेदी ने हवेली संगीत के माध्यम से ब्रज की पारंपरिक संगीत विरासत से श्रोताओं को परिचित कराया।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के एसीईओ राजीव पाण्डेय, डिप्टी सीईओ सतीश चंद्र, सहायक अभियंता जेके जैन, चंद्रिका राय, चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार और अनूप शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।