विश्व कुश्ती में भारत मनीषा का ऐतिहासिक स्वर्ण, फाइनल में अमेरिकी पहलवान को 8-6 से हराया; 0-6 से पिछड़ने के बाद की शानदार वापसी, विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारत की पहली महिला पहलवान बनीं
अस्ताना (कजाकिस्तान)। भारत की महिला पहलवान मनीषा भनवाला ने विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना में शुक्रवार को हुए महिलाओं के 59 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में मनीषा ने अमेरिका की अबिगेल एलिजाबेथ नेटे को 8-6 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वह विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बन गई हैं।
छह अंकों से पिछड़ने के बाद पलटा मुकाबला
फाइनल में मनीषा की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अमेरिकी पहलवान नेटे ने आक्रामक खेल दिखाते हुए शुरुआती दौर में 6-0 की बढ़त बना ली। मनीषा ने पहले पीरियड के अंत में एक अंक हासिल कर वापसी की शुरुआत की। इसके बाद दूसरे पीरियड में उन्होंने लगातार हमले किए और मुकाबले का रुख बदल दिया।
मनीषा ने टेकडाउन और गट-रिंच तकनीक से अंक जुटाए। स्कोर 6-6 होने के बाद उन्होंने निर्णायक टेकडाउन के जरिए 8-6 की बढ़त बनाई और मुकाबले के अंत तक इसे कायम रखा। इस तरह उन्होंने पांच अंकों से पिछड़ने के बाद अमेरिकी पहलवान को दो अंकों से पराजित कर विश्व खिताब जीत लिया।
फाइनल तक का सफर भी रहा शानदार
मनीषा ने फाइनल तक पहुंचने के दौरान कनाडा की लॉरेंस ब्यूरेगार्ड को हराया। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने मंगोलिया की बोलोरतुया खुरेलखू को 6-0 से शिकस्त दी। इसके बाद सेमीफाइनल में कजाकिस्तान की अल्तिन शागायेवा को 10-0 से पीछे छोड़ते हुए मुकाबला फॉल के आधार पर जीत लिया और स्वर्ण पदक के मुकाबले में जगह बनाई।
भारतीय महिला कुश्ती का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
मनीषा के स्वर्ण पदक के साथ भारत ने इस विश्व चैंपियनशिप में महिला कुश्ती का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया है। उनसे पहले नीलम सिरोही ने 50 किलोग्राम और काजल ढोचक ने 76 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक जीते थे। तान्या शर्मा ने 72 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। इस तरह भारतीय महिला पहलवानों ने प्रतियोगिता में कुल चार पदक जीते। इससे पहले 2021 में भारत ने महिला वर्ग में एक रजत और एक कांस्य पदक जीता था।
मनीषा की यह जीत भारतीय कुश्ती के लिए ऐतिहासिक है। वह विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान हैं। इससे पहले अंशु मलिक ने 2021 में रजत पदक जीतकर भारतीय महिला कुश्ती का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। मनीषा अब विश्व चैंपियन बनने वाले भारत के दूसरे पहलवान भी हैं। उनसे पहले सुशील कुमार ने 2010 में पुरुषों के 66 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में विश्व खिताब जीता था।