रॉटरडैम से शिकागो तक पहचान बना चुकी फिल्म का 31 अक्टूबर को होगा प्रदर्शन, मुशर्रफ के किरदार में नजर आएंगे आगरा के संकल्प भारद्वाज
आगरा। अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में अपनी पहचान बना चुकी फिल्म ‘उस्ताद बंटू’ अब 15वें धर्मशाला इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित होगी। 31 अक्टूबर को होने वाली इस स्क्रीनिंग में आगरा के अभिनेता संकल्प भारद्वाज मुशर्रफ के अहम किरदार में नजर आएंगे। निर्देशक अर्श जैन की इस फिल्म के जरिए संकल्प एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय सिनेमा के प्रतिष्ठित मंच पर अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। यह उपलब्धि आगरा के सिनेमा जगत के लिए भी गौरव का अवसर है।
‘उस्ताद बंटू’ इससे पहले कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुकी है। फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल रॉटरडैम (आईएफएफआर) के हार्बर सेक्शन में हुआ था। यहां इसे प्रतिष्ठित नेटपैक अवॉर्ड के लिए नामांकन मिला। इसके बाद फिल्म शिकागो साउथ एशियन फिल्म फेस्टिवल में भी प्रदर्शित हुई। साथ ही तस्वीर फिल्म फेस्टिवल के मुख्य प्रतियोगिता खंड में भी इसे जगह मिली, जिसे दक्षिण एशियाई सिनेमा के लिए महत्वपूर्ण मंच माना जाता है।
फिल्म को एनएफडीसी और वेव्स फिल्म बाजार के तहत आयोजित वर्क-इन-प्रोग्रेस लैब में भी स्थान मिला था। इस मंच ने फिल्म को आगे बढ़ाने और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
संकल्प भारद्वाज ने फिल्म में अभिनय के साथ मार्केटिंग कंसल्टेंट के रूप में भी योगदान दिया है। मुशर्रफ के किरदार को पर्दे पर जीवंत करने वाले संकल्प ने फिल्म के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी भी संभाली। थिएटर से अभिनय की शुरुआत करने वाले संकल्प को अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों के जरिए अपनी प्रतिभा व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने का अवसर मिला है।
‘उस्ताद बंटू’ एक वेडिंग बैंड की दुनिया के माध्यम से संगीत, सपनों और जिंदगी के अनछुए पहलुओं को सामने लाती है। फिल्म उन कलाकारों की कहानी कहती है, जिनकी कला रोजमर्रा की जिंदगी में लोगों के बीच मौजूद रहती है, लेकिन उनके संघर्षों, आकांक्षाओं और सपनों पर कम ही चर्चा होती है।
फिल्म की टीम इसे केवल फिल्म समारोहों तक सीमित नहीं रखना चाहती। इसके लिए देशभर में 100 स्क्रीनिंग आयोजित कर आम दर्शकों तक पहुंचाने की पहल की जा रही है। इसका उद्देश्य स्वतंत्र सिनेमा की उन कहानियों को दर्शकों तक पहुंचाना है, जिन्हें अक्सर व्यावसायिक फिल्मों के मुकाबले कम अवसर मिलते हैं।
15वें धर्मशाला इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में इस वर्ष ऑस्कर तक पहुंच बनाने वाली फिल्म ‘सीरत’ और नसीरुद्दीन शाह अभिनीत ‘रहमत’ जैसी चर्चित फिल्में भी प्रदर्शित हो रही हैं। ऐसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर ‘उस्ताद बंटू’ की स्क्रीनिंग के साथ संकल्प भारद्वाज आगरा का प्रतिनिधित्व करेंगे।