यूपी रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में डीईआई की छात्राओं ने जीते तीन पदक, सरगुन भटनागर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में करेंगी प्रदेश का प्रतिनिधित्व

आगरा। नोएडा में आयोजित 12वीं उत्तर प्रदेश राज्य रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप 2026 में दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (डीईआई) से संबद्ध विद्यालयों की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक जीते। डीईआई सरन आश्रम नगर स्कूल की कक्षा पांच की छात्रा सरगुन भटनागर ने आर्टिस्टिक स्केटिंग में कांस्य पदक हासिल कर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में जगह बनाई। वहीं, डीईआई प्रेम विद्यालय प्राइमरी स्कूल की एक्सटेंडेड विंग की कक्षा दो की छात्रा सुखमना भटनागर ने भी दो पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

Oct 27, 2026 - 20:24
 0
यूपी रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में डीईआई की छात्राओं ने जीते तीन पदक, सरगुन भटनागर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में करेंगी प्रदेश का प्रतिनिधित्व
सरगुन भटनागर।

22 से 25 अक्टूबर तक नोएडा में आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में सरगुन भटनागर ने आर्टिस्टिक स्केटिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि के आधार पर आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए उनका चयन किया गया है।

इसी प्रतियोगिता में डीईआई प्रेम विद्यालय प्राइमरी स्कूल की एक्सटेंडेड विंग की कक्षा दो की छात्रा सुखमना भटनागर ने भी अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया। उन्होंने 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक और 1000 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया। इस तरह दोनों छात्राओं ने मिलकर प्रतियोगिता में तीन पदक जीतकर आगरा का गौरव बढ़ाया।

दोनों छात्राओं की सफलता से विद्यालय परिवार और उनके अभिभावकों में खुशी की लहर है। सरगुन भटनागर का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन आगरा के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

SP_Singh AURGURU Editor