नैनीताल में शादी कर लौटे प्रेमी युगल ने बरेली के गांधी उद्यान में खाया जहर, किशोरी की मौत; प्रेमी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा

-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित गांधी उद्यान में जहरीला पदार्थ खाने वाली 16 वर्षीय किशोरी की मंगलवार को उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका 19 वर्षीय प्रेमी संदीप मिश्रा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। दोनों नैनीताल में शादी करने के बाद लौटे थे। किशोरी के लापता होने पर उसके पिता ने संदीप के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के बाद प्रशासन ने गांधी उद्यान में प्रवेश व्यवस्था सख्त कर दी है और अब जरूरी दस्तावेज दिखाने के बाद ही लोगों को प्रवेश दिया जाएगा।

Oct 27, 2026 - 20:33
 0
नैनीताल में शादी कर लौटे प्रेमी युगल ने बरेली के गांधी उद्यान में खाया जहर, किशोरी की मौत; प्रेमी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा
अस्पताल में जांच के लिए पहुंची कोतवाली पुलिस। दूसरे चित्र में अस्पताल में उपचाररत संदीप।

जानकारी के मुताबिक, शाहजहांपुर जिले के तिलहर थाना क्षेत्र की रहने वाली कक्षा 11 की छात्रा 24 अक्टूबर को स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर पिता ने बंडा थाना क्षेत्र के गंगसरा निवासी संदीप मिश्रा के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

पुलिस की जांच में सामने आया कि किशोरी शनिवार को संदीप के साथ नैनीताल चली गई थी। बताया गया कि दोनों ने वहां शादी कर ली थी। नैनीताल से लौटने के बाद सोमवार शाम दोनों बरेली के गांधी उद्यान पहुंचे। यहां दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। सूचना मिलने पर थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। बाद में परिजन उन्हें अलग-अलग निजी अस्पतालों में ले गए। किशोरी को वेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। संदीप की हालत गंभीर बनी हुई है।

अलग-अलग जातियों से होने की बात आई सामने

क्षेत्राधिकारी प्रथम आशुतोष शिवम सिंह के अनुसार, मामले की जांच के दौरान पुलिस और मजिस्ट्रेट के समक्ष दिए गए बयानों में दोनों ने अलग-अलग जातियों से संबंध होने और घर से भागकर नैनीताल पहुंचने के बाद शादी करने की बात कही थी। दोनों के जहरीला पदार्थ खाने के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। संदीप की हालत गंभीर होने के कारण मामले में आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

गांधी उद्यान में प्रवेश व्यवस्था सख्त

घटना के बाद नगर आयुक्त संजीव मौर्य ने बताया कि गांधी उद्यान में प्रवेश व्यवस्था सख्त कर दी गई है। अब उद्यान में घूमने-फिरने और सैर के लिए आने वाले लोगों को जरूरी दस्तावेज दिखाने के बाद ही प्रवेश मिलेगा। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है। उद्यान में आने वाले लोगों की जांच के बाद ही प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor