भारत ने तीसरे टी20 में न्यूजीलैंड को छह विकेट से हराया, अभिषेक- वैभव की शतकीय पारी, कई रिकार्ड्स टूटे
वेलिंगटन में तीसरा मैच जीतने के साथ भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही टी20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है। मंगलवार को मिली ऐतिहासिक जीत पर गौतम गंभीर ने दुनिया को एक खास मैसेज दिया।
वेलिंगटन। गौतम गंभीर ने वेलिंगटन में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद दुनिया को एक खास मैसेज दिया। मंगलवार को खेले तीसरे टी20 में भारत ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराया। भारत ने 199 रनों के लक्ष्य को 40 गेंद शेष रहते हासिल किया। टीम के नाम कई रिकार्ड्स दर्ज हुए, जैसे अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी की जोड़ी ने 5 ओवर में ही टीम के 100 रन पूरे कर दिए। ये टी20 इंटरनेशनल में सबसे कम गेंदों में टीम का शतक बन गया।
वेलिंगटन में मिली जीत के बाद गौतम गंभीर ने 2 शब्दों वाला स्पेशल मैसेज दुनिया को दिया। इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। डेरिल मिशेल की 89 रनों की पारी ने न्यूजीलैंड को 198 तक पहुंचाया था। इस पिच पर ये रिकॉर्ड ठीक ठाक था, लेकिन अभिषेक शर्मा-वैभव सूर्यवंशी की शतकीय साझेदारी ने इसे मामूली बना दिया।
भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने वेलिंगटन में मिली जीत के बाद अपने 'एक्स' पर टीम के खिलाड़ियों की फोटो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, विनम्र रहो। कमेंट में फैंस ने गौतम के लिए प्यार भेजा। सभी ने टीम के शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें बधाई दी।
इस जीत के हीरो अभिषेक शर्मा रहे, जिन्हे प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड मिला। 35 गेंदों में शतक पूरा करने वाले अभिषेक ने 38 गेंदों में 113 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 11 छक्के और 9 चौके लगाए। यानी 102 रन तो उन्होंने सिर्फ छक्के-चौकों से बना दिए थे।
अभिषेक ने विराट कोहली का टी20 में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी तोड़ा। ये अभिषेक का इस फॉर्मेट में 11वां शतक था. कोहली ने 10 शतक लगाए हैं। इस जीत के साथ भारत ने 5 मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है।