त्योहारी सीजन में व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर विभागीय सर्वे बंद करें, वरना उग्र आंदोलन: नेशनल चैम्बर ने दी चेतावनी
आगरा। त्योहारों के सीजन में व्यापारिक एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर विभिन्न विभागों की सर्वे कार्रवाई के खिलाफ आगरा के व्यापारियों और उद्यमियों ने मोर्चा खोल दिया है। चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल की अध्यक्षता में आयोजित आपातकालीन बैठक में खाद्य प्रसंस्करण, श्रम, अग्निशमन, जीएसटी-एसजीएसटी और प्रदूषण नियंत्रण विभाग की कार्रवाई की कड़ी निंदा की गई। चैम्बर ने संबंधित विभागों से त्योहारों के दौरान अनावश्यक और उत्पीड़नात्मक सर्वे तत्काल रोकने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि उचित कदम नहीं उठाए गए तो व्यापारी और उद्यमी अपने हितों की रक्षा के लिए उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
बैठक में कहा गया कि त्योहारों के समय व्यापारियों का कारोबार चरम पर होता है। ऐसे में खाद्य प्रसंस्करण विभाग की टीमों का प्रतिष्ठानों पर अचानक पहुंचकर सर्वे करना न्यायोचित नहीं है। इससे व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं और व्यापारियों में अनावश्यक भय तथा उत्पीड़न की स्थिति पैदा होती है। विभागीय कार्रवाई का असर उपभोक्ताओं के सामने व्यापारियों की प्रतिष्ठा पर भी पड़ता है।
कई विभागों की संयुक्त कार्रवाई पर उठाए सवाल
चैम्बर की बैठक में चर्चा की गई कि प्रायः हिंदू त्योहारों के सीजन में खाद्य प्रसंस्करण विभाग, श्रम विभाग, अग्निशमन विभाग, जीएसटी एवं एसजीएसटी विभाग और प्रदूषण नियंत्रण विभाग सहित विभिन्न विभागों की टीमें व्यापारिक एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर सर्वे की कार्रवाई करती हैं। चैम्बर ने कहा कि नियमों का पालन सुनिश्चित करना जरूरी है, लेकिन त्योहारों के दौरान ऐसी कार्रवाई से कारोबार में अनावश्यक व्यवधान नहीं होना चाहिए।
बैठक में जोर दिया गया कि व्यापारियों और उद्यमियों को त्योहारों के सीजन में अपना कारोबार सुचारु रूप से चलाने का अवसर मिलना चाहिए। विभागीय कार्रवाई ऐसी नहीं होनी चाहिए, जिससे व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़े या ग्राहकों के बीच उनकी छवि प्रभावित हो।
सर्वे नहीं रुके तो आंदोलन की चेतावनी
चैम्बर ने सभी संबंधित विभागों से अपील की कि त्योहारों के सीजन में व्यापारिक और औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर अनावश्यक एवं उत्पीड़नात्मक सर्वे की कार्रवाई तत्काल रोकी जाए। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी कि मांग पर उचित कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में व्यापारी और उद्यमी आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
आपातकालीन बैठक में चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल, उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल और अम्बा प्रसाद गर्ग, कोषाध्यक्ष विनय मित्तल, पूर्व अध्यक्ष अनिल वर्मा और शलभ शर्मा तथा सदस्य सचिन सरास्वत और धर्मगोपाल मित्तल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।