रिलीज से पहले ही शाहरुख की 'किंग' का धमाका, विदेशों में 175 करोड़ की रिकॉर्ड डील

शाहरुख खान की आगामी फिल्म 'किंग' ने रिलीज से पहले ही बड़ा कारोबारी रिकॉर्ड बना दिया है। पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, फार्स फिल्म्स ने फिल्म के विदेशी थिएट्रिकल राइट्स 175 करोड़ रुपये की मिनिमम गारंटी पर खरीदे हैं। यह भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ओवरसीज डील बताई जा रही है। फिल्म को विदेशी बाजार में लागत निकालने के लिए लगभग 350-375 करोड़ रुपये का कारोबार करना होगा। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी यह फिल्म 24 दिसंबर को रिलीज होगी।

Oct 31, 2026 - 15:45
 0
रिलीज से पहले ही शाहरुख की 'किंग' का धमाका, विदेशों में 175 करोड़ की रिकॉर्ड डील

तीन साल बाद बड़े पर्दे पर लौटेंगे बॉलीवुड के बादशाह, 'पठान' और 'जवान' से भी बड़ी उम्मीदें, टूटेंगे कमाई के पुराने रिकॉर्ड,  ओवरसीज राइट्स की अब तक की सबसे बड़ी डील

मुबंई। बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचने की तैयारी में हैं। साल 2023 में 'पठान', 'जवान' और 'डंकी' जैसी फिल्मों से सिनेमाघरों में धूम मचाने के बाद अब उनकी अगली फिल्म 'किंग' को लेकर जबरदस्त चर्चा है। फिल्म की रिलीज से पहले ही इसके नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है, जिसने भारतीय फिल्म इंडस्ट्री का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। शाहरुख की इस फिल्म के विदेशी थिएट्रिकल राइट्स 175 करोड़ रुपये में बिकने की खबर है। यह भारतीय सिनेमा के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी ओवरसीज डील बताई जा रही है।

फिल्म कारोबार से जुड़ी वेबसाइट पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, विदेशी वितरण कंपनी फार्स फिल्म्स (Phars Films) ने 'किंग' के ओवरसीज थिएट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स 175 करोड़ रुपये यानी 18 मिलियन डॉलर से अधिक की रकम में हासिल किए हैं। खास बात यह है कि अब तक किसी भारतीय फिल्म के विदेशी थिएट्रिकल राइट्स की डील 100 करोड़ रुपये के आंकड़े तक नहीं पहुंची थी। ऐसे में 'किंग' ने रिलीज से पहले ही नया कारोबारी रिकॉर्ड बनाने का दावा पेश कर दिया है।

वाईआरएफ की जगह फार्स फिल्म्स को मिली बड़ी जिम्मेदारी

शाहरुख खान की फिल्मों के विदेशी वितरण की जिम्मेदारी अब तक मुख्य रूप से यशराज फिल्म्स (वाईआरएफ) के पास रही है। साल 2023 में रिलीज हुई 'पठान' और 'जवान' को विदेशी बाजार में वाईआरएफ ने ही वितरित किया था। दोनों फिल्मों ने अंतरराष्ट्रीय बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और शाहरुख की वैश्विक लोकप्रियता को एक बार फिर साबित किया।

हालांकि, इस बार 'किंग' के लिए विदेशी वितरण का जिम्मा फार्स फिल्म्स को मिला है। कंपनी को अंतरराष्ट्रीय बाजार में फिल्मों के वितरण का अच्छा अनुभव है। वह वाईआरएफ के साथ भी कई फिल्मों में काम कर चुकी है। इसके अलावा प्रभास की फिल्म 'साहो' का वितरण भी कंपनी ने किया था। ऐसे में 'किंग' के लिए 175 करोड़ रुपये की मिनिमम गारंटी देना फिल्म के संभावित प्रदर्शन को लेकर उसके बड़े भरोसे के तौर पर देखा जा रहा है।

सिर्फ लागत निकालने के लिए 350-375 करोड़ की कमाई जरूरी

'किंग' के ओवरसीज राइट्स की 175 करोड़ रुपये की डील जितनी बड़ी है, उतनी ही बड़ी फिल्म के सामने चुनौती भी खड़ी करती है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह रकम मिनिमम गारंटी (एमजी) के तौर पर दी गई है। यानी विदेशी वितरक ने फिल्म के प्रदर्शन से होने वाली संभावित कमाई के आधार पर इतनी बड़ी रकम का जोखिम उठाया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में आमतौर पर थिएटर से होने वाली कुल कमाई का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा वितरक को मिलता है। इस हिसाब से 175 करोड़ रुपये की लागत निकालने के लिए 'किंग' को विदेशों में लगभग 350 से 375 करोड़ रुपये का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करना होगा। डॉलर में यह आंकड़ा करीब 37 से 40 मिलियन के आसपास बैठता है। इसका मतलब है कि फिल्म को केवल अपनी विदेशी डिस्ट्रीब्यूशन डील की रकम वसूलने के लिए ही बेहद मजबूत प्रदर्शन करना होगा। इसके बाद ही वितरक के लिए मुनाफे की स्थिति बन सकेगी।

'पठान' और 'जवान' के रिकॉर्ड को चुनौती देगी 'किंग'

शाहरुख खान की 'पठान' और 'जवान' दोनों ने विदेशी बाजार में लगभग 400 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। इन फिल्मों की सफलता ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में शाहरुख की मजबूत पकड़ को दिखाया था। अब 'किंग' के सामने इन दोनों फिल्मों के प्रदर्शन को दोहराने और उससे आगे निकलने की चुनौती होगी। रिपोर्ट में विदेशी बाजार की बड़ी सफल फिल्मों 'धुरंधर 2' के लगभग 460 करोड़ रुपये और 'आरआरआर' के करीब 430 करोड़ रुपये के कलेक्शन का भी उदाहरण दिया गया है। इन आंकड़ों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि 'किंग' के लिए विदेशी बॉक्स ऑफिस पर कितने बड़े स्तर का प्रदर्शन जरूरी होगा। हालांकि, फिल्म की वास्तविक सफलता का आकलन रिलीज के बाद टिकटों की बिक्री, दर्शकों की प्रतिक्रिया और वितरक के वास्तविक राजस्व के आधार पर ही किया जा सकेगा। फिलहाल 175 करोड़ रुपये की डील ने फिल्म को रिलीज से पहले ही सुर्खियों में ला दिया है।

सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में फिर दिखेगी शाहरुख की जोड़ी

'किंग' का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। इससे पहले दोनों की जोड़ी साल 2023 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'पठान' में नजर आई थी। उस फिल्म की जबरदस्त सफलता के बाद अब दर्शकों को इस जोड़ी से एक बार फिर बड़े एक्शन और मनोरंजन की उम्मीद है। फिल्म में शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान, दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी, जयदीप अहलावत, राघव जुयाल और सौरभ शुक्ला जैसे कलाकार नजर आएंगे। बड़े सितारों से सजी इस फिल्म को लेकर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अभी से उत्सुकता बनी हुई है।

24 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म

शाहरुख खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'किंग' 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। क्रिसमस के मौके पर रिलीज होने के कारण फिल्म को लंबी छुट्टियों का फायदा मिलने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि शाहरुख खान और सिद्धार्थ आनंद की यह जोड़ी बॉक्स ऑफिस पर एक बार फिर कमाल दिखा पाती है या नहीं। फिलहाल फिल्म की 175 करोड़ रुपये की विदेशी डील ने यह साफ कर दिया है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में शाहरुख खान की लोकप्रियता और उनकी फिल्मों की कारोबारी क्षमता को लेकर वितरकों का भरोसा कितना बड़ा है। अब इस भरोसे को बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों में बदलने की जिम्मेदारी 'किंग' की होगी।