छिबरामऊ में पूर्वी बाईपास पर पेट्रोल पंप के पास धू-धू कर जलने लगा चलता हुआ ट्रक

छिबरामऊ। नगर के पूर्वी बाईपास तिराहे पर राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलते ट्रक की केबिन में शॉर्ट सर्किट से अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। पास ही स्थित पेट्रोल पंप पर गैस से भरा टैंकर खड़ा होने के कारण बड़ा हादसा होने की आशंका पैदा हो गई थी, लेकिन पेट्रोल पंप कर्मचारियों की तत्परता और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया।

Oct 31, 2026 - 09:24
 0
छिबरामऊ में पूर्वी बाईपास पर पेट्रोल पंप के पास धू-धू कर जलने लगा चलता हुआ ट्रक
छिबरामऊ के पूर्वी बाईपास तिराहे पर धू-धू कर जलता ट्रक।

प्रत्यक्ष घटनाक्रम के अनुसार, शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-34 स्थित छिबरामऊ नगर के पूर्वी बाईपास तिराहे से एक ट्रक गुजर रहा था। इसी दौरान ट्रक की केबिन में शॉर्ट सर्किट होने से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते केबिन से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। खतरा भांपकर चालक ने तत्काल ट्रक से छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई।

चालक ने पास में स्थित पेट्रोल पंप कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद कर्मचारियों ने बिना देर किए अग्निशमन सिलेंडरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने भी पानी की बाल्टियों और मिट्टी की मदद से आग पर काबू पाने में सहयोग किया। सामूहिक प्रयासों से आग को फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया।

घटनास्थल के पास गैस से भरा टैंकर खड़ा होने के कारण हादसे की गंभीरता और बढ़ गई थी। यदि आग टैंकर तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि पेट्रोल पंप कर्मचारियों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से संभावित खतरा टल गया। स्थानीय लोगों ने कर्मचारियों के साहस, तत्परता और समझदारी की सराहना की।

SP_Singh AURGURU Editor