एशियाई पैरा खेलों में यूपी के खिलाड़ियों का दम, 13 खिलाड़ियों ने जीते 16 पदक; बरेली में हुआ सम्मान

-आरके सिंह- बरेली। जापान के आइची-नागोया में आयोजित पांचवें एशियाई पैरा खेल 2026 में पदक जीतकर लौटे उत्तर प्रदेश के 13 खिलाड़ियों को शनिवार को यहां आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। इन खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पांच स्वर्ण, सात रजत और चार कांस्य सहित कुल 16 पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। बीएल एग्रो और उत्तर प्रदेश पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से बीएल एग्रो स्टेडियम में आयोजित सम्मान समारोह में खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।

Oct 31, 2026 - 21:15
 0
एशियाई पैरा खेलों में यूपी के खिलाड़ियों का दम, 13 खिलाड़ियों ने जीते 16 पदक; बरेली में हुआ सम्मान
एशियाई पैरा खेलों में दमखम दिखाने वाले खिलाड़ियों के सम्मान में शनिवार को बरेली में आयोजित सम्मान समारोह की एक झलक।

18 से 24 अक्टूबर तक जापान में आयोजित इन खेलों में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, हाई जंप, जैवलिन थ्रो, शॉट पुट, पैरा आर्चरी, पैरा टेबल टेनिस और पैरा बैडमिंटन सहित विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि को प्रदेश में पैरा खेलों की बढ़ती ताकत और खिलाड़ियों की प्रतिभा का प्रमाण बताया गया।

समारोह में प्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार, पैरा पावरलिफ्टिंग के चेयरमैन जेपी सिंह, पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया की उपाध्यक्ष सुमति मिश्रा, बीएल एग्रो के चेयरमैन डॉ. घनश्याम खंडेलवाल तथा बीएल एग्रो के प्रबंध निदेशक एवं उत्तर प्रदेश पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष खंडेलवाल मौजूद रहे।

पैरा पावरलिफ्टिंग के चेयरमैन जेपी सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से प्रदेश ही नहीं, पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता पैरा खेलों की बढ़ती ताकत और प्रदेश में मौजूद खेल प्रतिभाओं का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां दूसरे खिलाड़ियों को भी अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करेंगी।

बीएल एग्रो के प्रबंध निदेशक एवं उत्तर प्रदेश पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष खंडेलवाल ने कहा कि पैरा खिलाड़ियों की उपलब्धियां मानवीय इच्छाशक्ति, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की मिसाल हैं। खिलाड़ियों ने साबित किया है कि प्रतिभा और महत्वाकांक्षा के सामने शारीरिक चुनौतियां बाधा नहीं बन सकतीं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर देना, उनकी उपलब्धियों को पहचानना और समावेशी खेल वातावरण तैयार करना जरूरी है। बीएल एग्रो खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इन खिलाड़ियों ने जीते पदक

सम्मानित खिलाड़ियों में गाजियाबाद की सिमरन शर्मा ने 100 और 200 मीटर दौड़ में दो स्वर्ण पदक जीते। गौतमबुद्ध नगर के प्रवीण कुमार ने हाई जंप और सुवर्णा राज ने डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक हासिल किया। मेरठ के आयुष वर्मा ने जैवलिन थ्रो में स्वर्ण और शॉट पुट में कांस्य पदक जीता।

मुजफ्फरनगर की प्रीति पाल ने 100 और 200 मीटर दौड़ में दो रजत पदक अपने नाम किए। गाजियाबाद के प्रदीप कुमार, इटावा के अजीत सिंह यादव, मथुरा के राम रतन सिंह, गौतमबुद्ध नगर के वरुण सिंह भाटी और मेरठ की स्वाति चौधरी ने अपनी-अपनी स्पर्धाओं में रजत पदक जीते।

मेरठ के अनुभव चौधरी, उन्नाव की प्राची पांडेय और सुहास यथिराज ने कांस्य पदक हासिल किए। अनुभव चौधरी ने 100 मीटर दौड़, प्राची पांडेय ने पैरा टेबल टेनिस और सुहास यथिराज ने पैरा बैडमिंटन में पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया।

SP_Singh AURGURU Editor