दीपावली आनंद मेले में संस्कृति और संस्कारों का संगम, 153 बच्चों ने चित्रों में उकेरी अपनी कल्पनाएं; शंखनाद से गूंजा आगरा का श्रीराम पार्क

आगरा। दीपावली का उत्सव जब भारतीय संस्कृति, संस्कारों, स्वदेशी उत्पादों और आत्मनिर्भर नारीशक्ति के संदेश से जुड़ा तो जयपुर हाउस स्थित श्रीराम पार्क में मस्ती और उमंग के साथ ज्ञान और परंपराओं का भी संचार हुआ। संस्कार भारती, आगरा महानगर की ओर से आयोजित दीपावली आनंद मेले में बच्चों की चित्रकला से लेकर रामायण पर आधारित सामान्य ज्ञान, थाल सज्जा और विविध वेश प्रतियोगिताओं तक कई आयोजन हुए। 153 बच्चों ने चित्र में रंग भरो प्रतियोगिता में भाग लिया, जबकि शंखनाद की विशेष प्रस्तुति ने लोगों को घर-घर में शंख बजाने और भारतीय परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश दिया। स्वर्णिम भारत की थीम पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहे।

Oct 31, 2026 - 21:55
 0
दीपावली आनंद मेले में संस्कृति और संस्कारों का संगम, 153 बच्चों ने चित्रों में उकेरी अपनी कल्पनाएं; शंखनाद से गूंजा आगरा का श्रीराम पार्क
संस्कार भारती द्वारा जयपुर हाउस के श्रीराम पार्क में आयोजित किये गये दीपावली आनंद मेले की एक झलक। 

मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, प्रचारक बांके लाल गौड़, अखिल भारतीय कोषाध्यक्ष एडवोकेट सुभाष अग्रवाल, प्रेमचंद्र अग्रवाल सुपारी, आर्किटेक्ट राजीव द्विवेदी, गौरव बंसल धूम पायल और जयरामदास होतचंदानी ने मां लक्ष्मी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि भारतीय परंपराओं से अगली पीढ़ी को जोड़ने के लिए त्योहारों पर इस तरह के आयोजन बेहद जरूरी हैं। इनके माध्यम से बच्चों और युवाओं को भारतीय संस्कृति और संस्कारों का स्वाभाविक रूप से ज्ञान मिलता है। संस्कार भारती का दीपावली आनंद मेला इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

अखिल भारतीय कोषाध्यक्ष एडवोकेट सुभाष अग्रवाल ने कहा कि मेले में बच्चों के लिए झूले और आकर्षक खेल, युवाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं और स्टॉल तथा महिलाओं और बुजुर्गों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। देर रात तक लोगों ने मेले का आनंद लिया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को स्मृति चिह्न प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।

153 बच्चों ने दिखाई कल्पनाशीलता, शंखनाद से गूंजा परिसर

मेले में चित्र में रंग भरो प्रतियोगिता बच्चों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। 153 बच्चों ने इसमें भाग लेकर अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश की सदस्य डॉ. आभा गुप्ता द्वारा तैयार किए गए चित्रों पर आधारित इस प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साह से हिस्सा लिया।

नीता गर्ग, मीना अग्रवाल और अनीता भार्गव के संयोजन में स्वर्णिम भारत की थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इन कार्यक्रमों को कोरियोग्राफर ने तैयार कराया। मंच पर संगीत की धुनों पर थिरकते युवाओं की प्रस्तुतियों ने दर्शकों में उत्साह भर दिया।

अमित अग्रवाल के निर्देशन में रामायण पर आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके साथ थाल सज्जा और विविध वेश प्रतियोगिताओं सहित कई अन्य कार्यक्रम भी हुए। घर-घर में शंख बजाने की परंपरा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शंखनाद की प्रस्तुति दी गई। शंखध्वनि से पूरा परिसर गूंज उठा। आयोजकों ने शंख बजाने को स्वास्थ्य और भारतीय परंपराओं से जुड़ने का माध्यम बताते हुए लोगों को इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका निधि बंसल, गीता अग्रवाल, आस्था गर्ग, डॉ. रश्मि सक्सैना, प्रोफेसर बिंदु अवस्थी, डॉ. मुकेश कुमार और डॉ. शार्दुल मिश्रा ने निभाई। सभी प्रतिभागियों और विजेताओं को सम्मानित किया गया।

आयोजन में इनका रहा सहयोग

अतिथियों का स्वागत प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग, नीरज अग्रवाल, राजीव सिंघल, श्याम तिवारी, आशीष जैन, छीतरमल गर्ग, प्रदीप सिंघल, शुभांशु गर्ग, संदीप गोयल और अभिषेक गर्ग ने किया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग ने किया।

इस अवसर पर पार्षद रेनू गुप्ता, जय गुप्ता, पार्षद हेमंत प्रजापति, सुशील कपूर, संजय कपूर, संतोष अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल सरिया वाले, अमरीश अग्रवाल, गौरव मित्तल, अनुराग मित्तल, रोहित गोयल, महेश गोयल, सरजू बंसल, अनिल वर्मा, बंटी महाजन, अनिल सिसोदिया, मनीष गुप्ता अनूप पानी वाले, रवीश जैन, अनूप जैन, अनूप अग्रवाल, अजय जैन, ईश्वर पाल सिंह, मदनलाल अग्रवाल, सचिन गुप्ता, सतीश गुप्ता, मोहित अग्रवाल, अभिषेक तिवारी, हेमंत गर्ग, ठाकुरदास अफतानी और दिनेश अग्रवाल अग्रसेन डेरी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

मेले में सर्वव्यवस्था प्रमुख नीरज अग्रवाल, मेला प्रभारी श्याम तिवारी, मेला संयोजक आशीष जैन तथा सह संयोजक नीता गर्ग, राकेश पाठक और शुभांशु गर्ग रहे। संपूर्ण कार्यक्रम प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग के निर्देशन में संपन्न हुआ।

SP_Singh AURGURU Editor