आगरा के छत्ता में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे और पत्थर चले, कई घायल, एक की हालत गंभीर
आगरा के थाना छत्ता क्षेत्र स्थित गुदड़ी मंसूर खां चौराहे पर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों ओर से लाठी-डंडे, पत्थर और धारदार हथियार चले, जिसमें कई लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने सात नामजद समेत अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
आगरा। आगरा के थाना छत्ता क्षेत्र में सोमवार को दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। गुदड़ी मंसूर खां चौराहा कुछ देर के लिए रणक्षेत्र बन गया, जहां दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे, पत्थर और धारदार हथियार चले। घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, विवाद की शुरुआत आदिल मलिक के साथ गाली-गलौज और मारपीट से हुई। आरोप है कि कुछ लोगों ने पहले आदिल मलिक पर हमला किया। जब उनके चाचा मीनू मलिक उन्हें बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में मीनू मलिक के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे काफी खून बह गया। वहीं आदिल मलिक को भी शरीर पर कई चोटें आई हैं।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बबलू ड्रम, राजीव, हरिया यादव, विमल यादव, लकी यादव, पूनम यादव और सूर यादव सहित अन्य लोगों ने मिलकर हमला किया। परिवार का कहना है कि हमलावरों ने सुनियोजित तरीके से मारपीट की और मौके पर दहशत का माहौल बना दिया।
घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ थाना छत्ता में शिकायत देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इधर, मारपीट और पथराव का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर विवाद के कारणों की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।