रंगोदय 2025 में लोक-शास्त्रीय नृत्य और नाटकों ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा, दर्शक हुए मुग्ध

आगरा। रंगग्राम में चल रहे सांस्कृतिक महोत्सव रंगोदय - 2025 के समापन से एक दिन पहले मंच पर कलाकारों के जोश और प्रस्तुतियों की भव्यता ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देश के विभिन्न प्रांतों से आए कलाकारों ने लोक एवं शास्त्रीय नृत्य के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता का अद्भुत प्रदर्शन किया। नाटकों और नृत्य प्रस्तुतियों ने मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक और जागरूकता संदेश भी प्रदान किए।

Oct 6, 2025 - 20:27
 0
रंगोदय 2025 में लोक-शास्त्रीय नृत्य और नाटकों ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा, दर्शक हुए मुग्ध
रंगोदय 2025 के अंतर्गत सोमवार को प्रस्तुत लोक शास्त्रीय नृत्य और नाटकों के कुछ दृश्य।

संस्कार भारती नाट्य केंद्र आगरा द्वारा मिल्टन पब्लिक स्कूल के सहयोग से आयोजित 21वें राष्ट्रीय नाट्य एवं नृत्य महोत्सव में मुख्य अतिथि अपर आयकर आयुक्त शैलेंद्र श्रीवास्तव और विशिष्ट अतिथि उपायुक्त आयकर आशुतोष पांडेय थे। कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया गया। मंचासीन अतिथियों का स्वागत महोत्सव के मुख्य संरक्षक डॉ. राहुल राज ने किया।

नाट्य प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने उत्कृष्ट नाटक प्रस्तुत किए। इनमें शारदा नाट्य मंच (धनबाद) का जादू का सूट, द रंग आर्ट एंड समाज कल्याण ट्रस्ट (गिरिडीह) का नाग मंडल, मंच दूतम (वाराणसी) का मध्यांतर नाटक, तरकश लोक कल्याण एवं जन कल्याण समिति (झांसी) का हरदौल, पंचतत्व (उड़ीसा) का आखिर क्यूं, कला निकेतन (झारखंड) का मरघट की औरत, और अनुभूति सेवा समिति (शाहजहांपुर) का कर्ण जीत गया केशव शामिल थे।

सुबह नृत्य प्रतियोगिताओं में बाल एवं युवा कलाकारों ने लोक और शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किए। पंचतत्व राउरकेला (उड़ीसा), सत्य नाट्य एंड नृत्य संस्था (छत्तीसगढ़), अनुरोध साहित्य कला केंद्र (आजमगढ़) और विंज एंटरटेनमेंट फिल्म्स (गिरिडीह) के कलाकारों ने दर्शकों से भरपूर तालियां बटोरीं। निर्णायक मंडल में पुरुषोत्तम मयूरा और ज्योति खंडेलवाल शामिल थीं। मंच संचालन वाणी सक्सेना ने किया।

विशेष अतिथियों में डॉ. वेदवती (रश्मि) सिंह, प्रीति परोहा, विनय गोस्वामी, बृजेश सिंह, कैप्टन सोहन सिंह, विवेकानंद और प्रसन्ना दास शामिल थे। संस्थापक निदेशक केशव प्रसाद सिंह, अध्यक्ष पंकज सक्सेना, कार्यकारी निदेशक अजय दुबे, सचिव नीता तिवारी, अनीता परिहार, संजय चतुर्वेदी, प्रमेंद्र पाल सिंह और उमा शंकर मिश्र भी उपस्थित रहे।

कल रंग जुलूस और समापन समारोह

रंगोदय का मुख्य आकर्षण रंग जुलूस 7 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से शुरू होगा। कलाकार अपने-अपने प्रदेशों की कला और संस्कृति की झलक प्रस्तुत करेंगे। जुलूस राजामंडी स्थित टूरिस्ट बंगला से शुरू होकर दिल्ली गेट, प्रोफेसर कॉलोनी, राम नगर कॉलोनी, सूरसदन, इलेक्ट्रॉनिक मार्केट, संजय प्लेस होते हुए शहीद स्मारक पर पहुंचेगा। शाम को मिल्टन पब्लिक स्कूल में भव्य समापन समारोह होगा, जिसमें विजेता कलाकारों और कला-संस्कृति में योगदान देने वाले व्यक्तियों का राष्ट्रीय सम्मान समारोह भी आयोजित होगा।

SP_Singh AURGURU Editor