इजरायली हमले में ईरानी रक्षा मंई की मौत का दावा, भारत ने कहा- सभी देशों की संप्भुता का सम्मान हो, रूस ने सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाने को कहा
तेहरान। इजरायल के हमले में ईरान के रक्षामंत्री अमीर नासिरज़ादेह और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कमांडर मोहम्मद पाकपुर की मौत का दावा किया जा रहा है। एक न्यूज एजेंसी ने इजरायल के सैन्य अभियानों से जुड़े दो सूत्रों और एक क्षेत्रीय सूत्र के हवाले से ये जानकारी दी है।
भारत ने ईरान और इजरायल के बीच जंग पर चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि ईरान और खाड़ी क्षेत्र में हाल के घटनाक्रम से भारत बहुत चिंतित है। हम सभी पक्षों से संयम बरतने, तनाव बढ़ने से बचने और आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह करते हैं। तनाव कम करने और अंदरूनी मुद्दों को सुलझाने के लिए बातचीत और डिप्लोमेसी को आगे बढ़ाया जाना चाहिए। सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस क्षेत्र में हमारे मिशन भारतीय नागरिकों के संपर्क में हैं और उन्हें सतर्क रहने, मिशन के संपर्क में रहने और स्थानीय सुरक्षा गाइडलाइंस का पालन करने के लिए सही सलाह जारी की।
तेहरान पर हमले के बाद इजरायल-ईरान में जंग के हालात हैं। सेंट्रल तेहरान के यूनिवर्सिटी स्ट्रीट और जोमहूरी इलाके में कई मिसाइलें गिरी हैं। सरकारी मीडिया ने तेहरान में कम से कम 3 विस्फोटों की आवाजें सुने जाने की पुष्टि की है। इसी बीच ईरान ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। देशभर में मोबाइल फोन सेवाएं बंद कर दी गईं हैं। इजरायली हमले के बाद दक्षिणी तेहरान के इलाके से धुआं उठता देखा गया है।
ईरान पर हमले के बाद इजरायल में हालात तनावपूर्ण हैं। इजरायल डिफेंस फोर्स ने बताया कि पूरे देश में सायरन बजाए गए हैं। इसके अलावा मोबाइल पर एडवांस अलर्ट भेजकर लोगों को सुरक्षित स्थानों के पास रहने को कहा गया है। बताया जा रहा है कि इजरायल ने भी अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है।
इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने कहा है कि उनके देश ने ईरान पर हमला किया है और आपातकाल की घोषणा कर दी गई है। डिफेंस के सूत्रों ने बताया कि ये एक प्रोएक्टिव अलर्ट है ताकि जनता को इस संभावना के लिए तैयार किया जा सके कि इजरायल की ओर मिसाइलें दागी जा सकती हैं। इजरायली सेना ने दोहराया कि जनता से अपील है कि वो सुरक्षित स्थानों के पास ही रहें।
इजरायली आर्मी ने घोषणा की है कि देशभर के स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे, सार्वजनिक समारोहों पर रोक लगा दी गई है और लोगों को वर्क फ्रॉम होम करने की सलाह दी गई है।
ईरान के विदेश मंत्री अराघची ने एनबीसी न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि 'जहां तक मुझे पता है' ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई अभी भी जीवित हैं।
संयुक्त अरब अमीरात ने दावा किया है कि ईरान के हमले में पाकिस्तान के एक नागरिक की मौत हो गई। यूएई ने बयान जारी कर कहा कि यह हादसा तब हुआ, जब अबू धाबी ईरानी मिसाइलों को इंटरसेप्ट कर रहा था।
मिडिल-ईस्ट की जंग में रूस की एंट्री हो गई है। पुतिन ने ईरान की स्थिति पर चर्चा के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाई है। रूसी राष्ट्रपति ने ईरान की स्थिति पर चर्चा करने के लिए सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यों के साथ एक वीडियो कॉन्फ्रेंस बुलाई है।
इजरायल ने ईरान के दो स्कूलों पर एयरस्ट्राइक की है, जिनमें 50 से ज्यादा छात्रों की मौत हुई है। ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने पोस्ट कर बताया कि दक्षिणी ईरान में लड़कियों के एक स्कूल पर इजरायल ने बमबारी की है। इस पर दिनदहाड़े बमबारी की गई, जब यह छोटी छात्राओं से खचाखच भरा हुआ था। केवल इसी जगह पर दर्जनों मासूम बच्चों की हत्या कर दी गई है। ईरानी जनता के खिलाफ इन अपराधों को अनदेखा नहीं किया जाएगा।