नंद के घर आनंद भयो, ताजनगरी में गूंजे कान्हा के जयकारे; मंदिरों में नंदोत्सव की धूम, बाल लीलाओं से लेकर डोला नगर भ्रमण तक दिखा ब्रज का रंग
आगरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अगले दिन ताजनगरी में नंदोत्सव का उल्लास छाया रहा। शहर के प्रमुख मंदिरों में कहीं बाल कलाकारों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और राधा-कृष्ण रास की मनोहारी प्रस्तुतियां दीं, तो कहीं दधि-कांदो की पारंपरिक रस्म में वैष्णवजन झूम उठे। श्री खाटू श्याम जी मंदिर में बच्चों को खिलौने बांटे गए और विशेष श्रृंगार किया गया, जबकि नामनेर से भगवान श्रीकृष्ण का डोला धार्मिक झांकियों के साथ नगर भ्रमण पर निकला। मंदिरों और मार्गों पर गूंजते जयकारों, भजन-कीर्तन और श्रद्धा के बीच ताजनगरी पूरी तरह कृष्णमय नजर आई।
श्रीमनःकामेश्वर मठ मंदिर में बाल लीलाओं ने मोहा मन
रावतपाड़ा स्थित श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर के श्रीनाथजी मंदिर में नंदोत्सव एवं सांस्कृतिक संध्या में बच्चों ने श्रीकृष्ण जन्म, माखन चोरी, कालिया नाग मर्दन, गोवर्धन लीला और राधा-कृष्ण रास की प्रस्तुतियां देकर ब्रज का संसार जीवंत कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मधुराष्टकम पाठ से हुआ। नन्हे कलाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालुओं ने जमकर तालियां बजाईं और श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए। मठ-मंदिर प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि बच्चों के माध्यम से नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति और ब्रज परंपरा से जोड़ना आयोजन का उद्देश्य है। श्रीमहंत योगेश पुरी ने कहा कि कृष्ण की बाल लीलाएं प्रेम, वात्सल्य, मित्रता और धर्म का संदेश देती हैं। समापन पर श्रीनाथजी की आरती हुई और प्रसाद वितरित किया गया।
इस्कॊन में मनाया गया नंदोत्सव, दही हांडी प्रतियोगिता में बच्चों से बुजुर्गों तक ने दिखाया उत्साह
आगरा। कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) की ओर से महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में नंदोत्सव भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। मंगल गीतों और हरे कृष्णा-हरे राम संकीर्तन से पूरा परिसर गोकुलधाम जैसा नजर आया। आकर्षक रोशनी और फूलों से सजे परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के लिए हिंडोला और पालना सजाया गया, जिसे झुलाने के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही।
नंदोत्सव का प्रमुख आकर्षण दही हांडी प्रतियोगिता रही। एकल वर्ग में आंखों पर पट्टी बांधकर करीब 15 फुट की ऊंचाई पर लटकाई गई हांडी को डंडे से तोड़ने की चुनौती दी गई। संयुक्त वर्ग में युवाओं ने पिरामिड बनाकर हांडी फोड़ी। हांडी टूटते ही परिसर तालियों और जयकारों से गूंज उठा।
इससे पूर्व श्रीजगन्नाथ मंदिर के अध्यक्ष अरविंद स्वरूप ने श्रील प्रभुपाद के 128वें पूजा महोत्सव के अंतर्गत उनका अभिषेक किया। भक्तों की ओर से तैयार करीब 250 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। शाम को संकीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर संजीव मित्तल, नितेश अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, सुनील मनचंदा, राजेश गर्ग, संजीव बंसल, कमता प्रसाद अग्रवाल, आशु मित्तल, शैलेश बंसल, राजेश उपाध्याय, ओमप्रकाश अग्रवाल, संजय कुकरेजा, राजीव मल्होत्रा, अदिति गौरांगी, विपिन अग्रवाल और देव केशव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
खाटू श्याम मंदिर में खिलौनों और गुब्बारों से सजा दरबार
जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में नंदोत्सव पर मुख्य द्वार से गर्भगृह तक खिलौनों और रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजावट की गई। आगरा नरेश श्री श्याम बाबा का पुष्पों से विशेष श्रृंगार कर उन्हें मखाने और इलायची की मालाएं अर्पित की गईं। ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोषों के बीच बच्चों को पूरे दिन खिलौने बांटे गए। भजन संध्या में श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते रहे। ट्रस्ट की ओर से भक्तों को उपहार और विशेष प्रसादी भी वितरित की गई। अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि उत्सव का उद्देश्य जन्माष्टमी की खुशी भक्तों के साथ साझा करना है। इस अवसर पर हेमेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विपिन बंसल, विकास गोयल और अमित गोयल मौजूद रहे।
प्रेमनिधि मंदिर में दधि-कांदो से गोकुल जैसा उल्लास
नाई की मंडी स्थित प्राचीन श्री प्रेमनिधि मंदिर में भाद्रपद कृष्ण नवमी पर पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार नंदोत्सव मनाया गया। बाल स्वरूप ठाकुर जी को सुसज्जित पालने में विराजमान कर वैष्णवजनों ने दर्शन किए और बधाई पद गाए। ‘नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के साथ मंदिर हवेली संगीत से गूंजता रहा। उत्सव का मुख्य आकर्षण दधि-कांदो रहा, जिसमें हल्दी, दूध और दही के छिड़काव के बीच वैष्णवजन नृत्य और संकीर्तन करते नजर आए। मुख्य सेवा अधिकारी हरि मोहन गोस्वामी और सेवा अधिकारी सुनीत गोस्वामी ने नंदोत्सव की पुष्टिमार्गीय परंपरा की जानकारी दी। मंदिर प्रबंधक दिनेश पचौरी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। आयोजन में आशीष पचौरी, रानू, विशाल, राजेश धाकड़, राहुल, हर्षुल और सागर शिवहरे ने व्यवस्थाएं संभालीं। सुरेश पचौरी, महेश और मनीष अग्रवाल भी मौजूद रहे।
सांसद नवीन जैन ने किया कृष्ण डोला नगर भ्रमण का शुभारंभ
नामनेर चौराहा पर आयोजित 49वें श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के तहत भगवान श्रीकृष्ण के डोला नगर भ्रमण और धार्मिक झांकियों का आयोजन हुआ। राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने पूजा-अर्चना कर डोला नगर भ्रमण का शुभारंभ किया। सजे-धजे डोले और आकर्षक धार्मिक झांकियों का मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। नवीन जैन ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण कर्म, धर्म, सत्य और कर्तव्य का संदेश देने वाले आदर्श हैं। ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति, सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं। इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, महानगर महामंत्री महेश शर्मा, मंत्री विकास भारद्वाज, भाजपा नेता रघु पंडित, संयोजक पंकज शर्मा, राजेश अग्रवाल, पार्षद राहुल वैध, प्रवीण जैन, पार्षद जयदीप सोनकर, नवजोत सिंह, दीप बघेल, उदय प्रताप बघेल और महेश कुशवाह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।