दिल्ली के सफदरजंग में जज ने की आत्महत्या, फांसी के फंदे पर लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

अमन कुमार शर्मा ने 19 जून 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा जॉइन की थी। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी साजिश या गड़बड़ी के संकेत नहीं मिले हैं लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है।

May 2, 2026 - 22:10
 0
दिल्ली के सफदरजंग में जज ने की आत्महत्या, फांसी के फंदे पर लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

नई दिल्ली। दिल्ली से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां सफदरजंग में एक जज ने आत्महत्या कर ली। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जज अमन कुमार शर्मा ने फांसी लगाकर अपनी जान दी। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

दरअसल, ये घटना दक्षिणी दिल्ली के ग्रीन पार्क इलाके की बताई जा रही है। जहां सफदरजंग एन्क्लेव थाना पुलिस को डीडी नंबर 34 के तहत पीसीआर कॉल मिली, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि अमन कुमार शर्मा (30), निवासी यू-4ए, प्रथम तल, ग्रीन पार्क मेन, ने अपने घर में आत्महत्या कर ली। वह कड़कड़डूमा कोर्ट स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) में सचिव के पद पर तैनात थे और न्यायिक सेवा से जुड़े हुए थे।

पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मृतक के जीजा शिवम, निवासी डिफेंस कॉलोनी, ने दी। प्रारंभिक जांच में किसी तरह की साजिश के संकेत नहीं मिले हैं, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके।

अमन कुमार शर्मा ने 19 जून 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा जॉइन की थी। उन्होंने 2018 में पुणे के सिम्बायोसिस लॉ स्कूल से कानून की पढ़ाई पूरी की थी। अपने कार्यकाल में उन्होंने कई आपराधिक और दीवानी मामलों की सुनवाई की और अलग-अलग अदालतों में जज के तौर पर काम किया।

अक्टूबर 2025 से वह कड़कड़डूमा कोर्ट में उत्तर-पूर्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में फुल-टाइम सचिव के पद पर तैनात थे। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी साजिश या गड़बड़ी के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है।