आठ घंटे बल्लेबाजी कर 513 रन ठोकने वाले 11 साल के कबीर का लीडर्स आगरा ने किया सम्मान
आगरा। महज 11 साल की उम्र में लगातार आठ घंटे क्रीज पर टिककर 513 रन बनाने वाले धनौली के प्रतिभाशाली बाल क्रिकेटर कबीर राजपूत ने अपनी असाधारण बल्लेबाजी से आगरा का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर सामाजिक संस्था लीडर्स आगरा ने मलपुरा स्थित केके शर्मा वत्स क्रिकेट स्टेडियम पहुंचकर कबीर को स्मृति चिह्न भेंट किया और इलायची की माला पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व तेज गेंदबाज और क्रिकेट कोच केके शर्मा का भी अभिनंदन किया गया।
केके शर्मा वत्स क्रिकेट अकादमी में आयोजित माया देवी क्रिकेट मैचों के दौरान कबीर ने लगातार आठ घंटे बल्लेबाजी करते हुए व्यक्तिगत रूप से 513 रन बनाए। इतनी कम उम्र में लंबे समय तक क्रीज पर टिककर रन बनाने की उनकी क्षमता ने खेलप्रेमियों का ध्यान खींचा है। लीडर्स आगरा ने इस प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया।
असाधारण प्रतिभा ही दिलाती है पहचान
इस अवसर पर क्रिकेटर एवं कोच केके शर्मा ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि साधारण को कोई भाव नहीं देता, इसलिए खिलाड़ियों को अपनी असाधारण प्रतिभा दिखानी होगी। दुनिया असाधारण प्रदर्शन करने वालों को पहचानती है। कबीर ने लगातार आठ घंटे क्रीज पर खड़े रहकर बल्लेबाजी की, जबकि आज के दौर में लोग कुछ मिनट खड़े रहने पर ही थक जाते हैं। उनकी यह उपलब्धि मेहनत, धैर्य और खेल के प्रति समर्पण का उदाहरण है।
कोचों की मेहनत से राष्ट्रीय स्तर पर चमक रहे आगरा के खिलाड़ी
लीडर्स आगरा के महामंत्री सुनील जैन ने कहा कि एक समय आगरा के खिलाड़ियों के लिए रणजी ट्रॉफी में खेलना भी दुर्लभ माना जाता था, लेकिन पिछले कुछ समय से शहर ने लगातार राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दिए हैं। यह केके शर्मा, लोकेन्द्र चाहर, परवेंद्र सिंह और मनोज कुशवाहा जैसे प्रशिक्षकों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित करने और उनका उत्साह बढ़ाने से उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
लीडर्स आगरा की ओर से समय-समय पर आगरा का नाम ऊंचा करने वाली प्रतिभाओं और धरोहरों का अभिनंदन कर उन्हें प्रोत्साहित किया जाता है। इसी क्रम में संस्था के सदस्यों ने कबीर राजपूत की उपलब्धि को सराहते हुए उनका सम्मान किया।
कार्यक्रम के दौरान कबीर राजपूत के परिवार ने लीडर्स आगरा के सदस्यों का फूलों से स्वागत किया। इस अवसर पर सुनील जैन, राहुल जैन, नवीन चंचल, राजदीप ग्रोवर और अधिराज जैन मौजूद रहे।