चुनावी रैली में ममता का हमला, बीजेपी लोगों को मछली, मांस और अंडा खाने से रोकना चाहती है
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पुरुलिया के चुनावी रैली में बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दंगे और शोषण को लेकर तीखा बयान दिया है
।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में अप्रैल में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसे पहले बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने रविवार (29 मार्च 2026) को पुरुलिया में चुनावी रैली के दौरान कहा कि बीजेपी लोगों को मछली, मांस और अंडा खाने से रोकना चाहती है। यह भी आरोप लगाया कि वे किसी धर्म में विश्वास नहीं करते। ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि बीजेपी के राज वाले राज्यों में दंगे होते हैं, आदिवासियों का शोषण किया जाता है और महिलाओं पर हमले होते हैं।
इसके अलावा ममता बनर्जी ने कहा कि बीजेपी के एक बड़े नेता ने तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ चार्जशीट जारी की है, लेकिन उनके अनुसार असली चार्जशीट बीजेपी के खिलाफ होनी चाहिए। उन्होंने गुजरात का जिक्र करते हुए कहा कि वहां पहले कई दंगे हो चुके हैं। ममता बनर्जी के इन बयानों के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और इस पर अलग-अलग पार्टियों की प्रतिक्रिया सामने आ सकती है।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को होगा, जबकि दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को कराया जाएगा। इन चुनावों के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। पश्चिम बंगाल में इस बार कुल 294 विधानसभा सीटों पर चुनाव होगा। इस चुनाव में करीब 7 करोड़ वोटर हिस्सा लेंगे। इनमें लगभग 3.6 करोड़ पुरुष वोटर और 3.4 करोड़ महिला वोटर शामिल हैं।
इसके अलावा 1402 थर्ड जेंडर वोटर भी हैं, जो इस चुनाव में अपनी भागीदारी निभाएंगे। अगर पिछले चुनाव की बात करें तो साल 2021 में यहां 8 चरणों में मतदान हुआ था। उस चुनाव में टीएमसी ने 215 सीटें जीतकर बड़ी जीत हासिल की थी, जबकि बीजेपी को 77 सीटें मिली थीं। उस समय टीएमसी ने बहुमत के साथ सरकार बनाई थी और ममता बनर्जी ने लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।