मेयर ने व्यापारियों को फिर से दिया भरोसा- ट्रेड लाइसेंस फिलहाल शुल्क स्थगित, खत्म करने की प्रक्रिया शुरू, व्यवसायी कर रहे थे पुरजोर विरोध
आगरा में प्रस्तावित ट्रेड लाइसेंस शुल्क को लेकर व्यापारी वर्ग की तीखी आपत्तियों के बीच नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल शुल्क स्थगित कर दिया गया है और इसे पूरी तरह खत्म करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
आगरा। आगरा नगर निगम में मंगलवार को ट्रेड लाइसेंस शुल्क को लेकर अहम बैठक आयोजित हुई, जिसमें शहर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। बैठक में हेमलता दिवाकर कुशवाह ने व्यापारियों को बड़ी राहत देते हुए ऐलान किया कि प्रस्तावित ट्रेड लाइसेंस शुल्क को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है और इसे पूर्ण रूप से निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
व्यापारियों की आपत्तियों पर त्वरित सुनवाई
बैठक में आगरा व्यापार मंडल के नेतृत्व में पहुंचे व्यापारियों ने मौजूदा आर्थिक हालात का हवाला देते हुए नए शुल्क का कड़ा विरोध किया। महापौर ने सभी पक्षों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि उनके कार्यकाल में व्यापारियों का अहित नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने साफ किया कि अभी तक किसी भी व्यापारी को इस शुल्क को लेकर कोई नोटिस जारी नहीं किया गया है और किसी प्रकार की भ्रांति में आने की आवश्यकता नहीं है।
सदन में निलंबन, निरस्तीकरण की तैयारी
महापौर ने बताया कि ट्रेड लाइसेंस शुल्क 1996 के सरकारी गजट के आधार पर लागू किया गया था, जिसमें 69 प्रकार की गतिविधियों को शामिल किया गया है। यदि इसमें कोई त्रुटि है, तो उसे दूर करने के निर्देश नगर आयुक्त को दिए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि इस विषय को नगर निगम सदन में निलंबित कर आगे का निर्णय लिया जाएगा और व्यापारी हित सर्वोपरि रखा जाएगा।
व्यापारियों ने रखीं अपनी चिंताएं
आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने कहा कि पहले से लागू प्रतिबंधों के चलते शहर के पारंपरिक उद्योग प्रभावित हैं, ऐसे में नया शुल्क व्यापार पर और नकारात्मक असर डालेगा।
आगरा सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष व कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने आर्थिक चुनौतियों को रखते हुए राहत की मांग की। वहीं उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने पेठा उद्योग की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि टीटीजेड लागू होने के बाद उद्योग पहले ही संकट में है और विस्तार की संभावनाएं सीमित हो गई हैं।
कमला नगर व्यापार संगठन के अध्यक्ष व पार्षद अमित अग्रवाल पारुल ने प्रशासनिक प्रक्रियाओं के सरलीकरण पर जोर देते हुए कहा कि व्यापार को बढ़ावा देने के लिए नियमों को आसान बनाना जरूरी है।
मेयर का आश्वासन: व्यापारियों का हित सर्वोपरि
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने दोहराया कि नगर निगम और सरकार व्यापारियों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और किसी भी स्थिति में व्यापारियों का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।
बैठक में सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिया गौतम, व्यापार मंडल के महामंत्री अशोक मंगवानी, संगठन महामंत्री राकेश बंसल, कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, संदीप गुप्ता, राजीव गुप्ता, दुष्यंत गर्ग, अतुल बंसल, दिलीप खूबचंदानी, योगेश रखवानी, बृजमोहन रेपुरिया, डीपी अग्रवाल, धनकुमार जैन, मुकेश अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, कन्हैयालाल राठौर, राजेंद्र गुप्ता, अमित अग्रवाल पारुल, संजीव अग्रवाल, सुनील गोयल, विष्णु जैन, राजेंद्र जैन, संकेत जैन, अमित जैन सहित अनेक व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।