एक माह तक गूंजा राम नाम, भावुक विदाई के साथ संपन्न हुआ श्री रामलीला महोत्सव

आगरा में एक माह तक चले श्री रामलीला महोत्सव-2026 का शनिवार को हवन-पूजन, श्रीरामचरितमानस के पारायण और भगवान श्रीराम सहित अन्य स्वरूपों की भावपूर्ण विदाई के साथ समापन हो गया। रामलीला कमेटी ने महोत्सव की सफलता के लिए श्रद्धालुओं, प्रशासन, पुलिस, कलाकारों, दानदाताओं और सहयोगियों का आभार जताया।

Oct 24, 2026 - 20:20
 0
एक माह तक गूंजा राम नाम, भावुक विदाई के साथ संपन्न हुआ श्री रामलीला महोत्सव
रामलीला मैदान स्थित श्रीराम हनुमान मंदिर में रामलीला के स्वरूपों को तिलक लगाकर विदा करते श्री रामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल, साथ हैं अंजुल बंसल और राहुल गौतम।

हवन-पूजन और श्रीरामचरितमानस के पारायण के बाद भगवान श्रीराम सहित सभी स्वरूपों को दी गई भावपूर्ण विदाई

आगरा। एक माह तक रामभक्ति, आस्था और उल्लास से सराबोर रहा श्री रामलीला महोत्सव-2026 शनिवार को हवन-पूजन और भगवान श्रीराम सहित अन्य स्वरूपों की भावपूर्ण विदाई के साथ संपन्न हो गया। समापन अवसर पर जहां आयोजन के सफल और निर्विघ्न संपन्न होने का संतोष नजर आया, वहीं प्रभु श्रीराम के स्वरूपों से विदा लेते समय श्रद्धालुओं की आंखों में भावुकता भी दिखाई दी।

एक माह तक रामकथा के विविध प्रसंगों के मंचन के माध्यम से श्रद्धालुओं को मर्यादा, धर्म, त्याग, सत्य और आदर्श जीवन का संदेश देने वाली रामलीला की स्मृतियां अब लोगों के हृदय में बस गई हैं। पूरे आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने रामलीला के विभिन्न प्रसंगों का दर्शन किया।

हवन-पूजन के साथ हुआ समापन

रामलीला महोत्सव के अंतिम दिन बाराद्वारी, रावतपाड़ा में हवन-पूजन का आयोजन किया गया। इसके साथ ही श्रीरामचरितमानस का पारायण हुआ। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद श्रीराम हनुमान मंदिर, रामलीला मैदान से भगवान श्रीराम सहित अन्य स्वरूपों का विदाई समारोह आयोजित किया गया। विधि-विधान और श्रद्धाभाव के बीच स्वरूपों को विदाई दी गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम के प्रति अपनी आस्था प्रकट की और अगले वर्ष फिर रामलीला के दर्शन होने की कामना की। समारोह में श्री रामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल, अंजुल बंसल और राहुल गौतम सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

सफल आयोजन के लिए रामभक्तों का जताया आभार

श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और महामंत्री राजीव अग्रवाल ने कहा कि ऐतिहासिक और भव्य रामलीला महोत्सव का निर्विघ्न समापन प्रभु श्रीराम की कृपा तथा सभी रामभक्तों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में दिखाई दिया उत्साह और लोगों का सहयोग रामलीला को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रखता, बल्कि इसे सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और परंपरा का उत्सव भी बनाता है।

प्रशासन और सहयोगियों के प्रति जताया आभार

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने महोत्सव के सफल आयोजन और निर्विघ्न समापन पर सभी श्रद्धालुओं, नागरिकों, कमेटी पदाधिकारियों, कलाकारों, मीडिया प्रतिनिधियों, सहयोगियों और दानदाताओं के प्रति हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने रक्षा मंत्रालय, रक्षा संपदा विभाग, आगरा छावनी, आगरा विकास प्राधिकरण और नगर निगम के सहयोग के लिए भी आभार जताया। रामबारात और दशहरा सहित प्रमुख आयोजनों के दौरान बेहतर व्यवस्थाओं के लिए आगरा पुलिस प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस विभाग का विशेष धन्यवाद किया गया। पुलिस कमिश्नर, आगरा और पुलिस विभाग के अधिकारियों के सहयोग को भी आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण बताया गया।

कमेटी ने कहा कि चंदादाताओं, व्यापारी बंधुओं, सहयोगियों और श्रद्धालुओं का योगदान रामलीला महोत्सव की सफलता का प्रमुख आधार रहा। सभी के सामूहिक सहयोग से एक माह तक चलने वाला यह धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। अब रामलीला के मंचन का समापन हो गया है, लेकिन एक माह तक शहर में गूंजे रामकथा के संदेश, भक्ति और सांस्कृतिक परंपरा की यादें श्रद्धालुओं के साथ लंबे समय तक बनी रहेंगी।