'पेपर लीक अब नहीं होगा बर्दाश्त': बरेली में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने मांगा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा
-आरके सिंह- बरेली। रोटरी भवन में आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम में पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार आवाज उठाई गई। कार्यक्रम में एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक नदीम जावेद तथा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक नदीम जावेद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का नेतृत्व उत्तर प्रदेश पश्चिम युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला ने किया। इसमें बड़ी संख्या में छात्र-युवा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
अपने संबोधन में नदीम जावेद ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार भ्रष्टाचार, चुनावी चंदे में अनियमितताओं और पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों से दूर होकर तानाशाही की ओर बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" का नारा केवल एक जुमला बनकर रह गया है। छात्रों पर कथित दमन, उनके साथ मारपीट और बढ़ती आत्महत्याओं की घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार जनता के बजाय कुछ चुनिंदा लोगों के हितों के लिए काम कर रही है।
पारस शुक्ला ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार छात्रों की आवाज मजबूती से उठा रहे हैं और कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर अंतिम पड़ाव तक संघर्ष करेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि अब छात्र और युवा पेपर लीक जैसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-युवाओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि "अब पेपर लीक बर्दाश्त नहीं होगा।"
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष अरसलान खान, प्रदेश उपाध्यक्ष अवनीश चौबे, पूर्व विधायक छोटेलाल गंगवार, विजय मौर्य, जुबैर खान, पीरजादा, फिरोज खान, महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा, पार्षद जहीरुद्दीन मुन्ना, पार्षद महेसर खान, पार्षद सादिक अंसारी, जिला अध्यक्ष दानिश सैफी, जिला अध्यक्ष ताबेश हसन, जिला अध्यक्ष अब्दुल अल्वी, हसन जैदी, शिवांश शर्मा, अफसार खान, संजीव यादव तथा एनएसयूआई जिला अध्यक्ष नदीम सिद्दीकी सहित सैकड़ों छात्र-युवा और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।