पीएम मोदी ने बहरीन के किंग और सऊदी के क्राउन प्रिंस को किया फोन, ईरान जंग के बीच हुई बात
ईरान हमलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बहरीन के किंगऔर सऊदी के प्रिंस से बात की और भारतीयों की सुरक्षा को लेकर उनसे चर्चा की।
नई दिल्ली। ईरान हमलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बहरीन के किंग और सऊदी के प्रिंस से बात की और भारतीयों की सुरक्षा को लेकर उनसे चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने बहरीन के किंग हमाद बिन ईसा अल खलीफा और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और पीएम मोहम्मद बिन सलमान अल सऊद से बात की। पीएम मोदी ने इन दोनों देशों पर हुए हमलों की निंदा की और दोनों देशों में भारतीय समुदाय की सुरक्षा को लेकर चर्चा की।
पीएम मोदी ने एक्स पर बताया, बहरीन के किंग हमाद बिन ईसा अल खलीफ़ा के साथ फोन पर अच्छी बातचीत हुई। भारत बहरीन पर हुए हमलों की निंदा करता है और इस मुश्किल समय में वहां के लोगों के साथ खड़ा है। मैं बहरीन में भारतीय समुदाय को दिए गए लगातार सपोर्ट के लिए उनका शुक्रिया अदा करता हूं।
पीएम मोदी ने बताया कि सऊदी के प्रिंस से भी उनकी बात हुई। प्रधानमंत्री ने कहा, सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ पश्चिम एशिया में बदलते हालात पर चर्चा की। भारत सऊदी अरब पर हाल ही में हुए हमलों की निंदा करता है, जो उसकी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन है। हम इस बात पर सहमत हुए कि इलाके में शांति और स्थिरता जल्द से जल्द वापस लाना सबसे जरूरी है। मैंने इस मुश्किल समय में भारतीय समुदाय की भलाई का ध्यान रखने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
इससे पहले, पीएम मोदी ने रविवार रात संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बात की और खाड़ी देश पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की। मोदी ने कहा कि भारत इस मुश्किल घड़ी में यूएई के साथ पूरी एकजुटता से खड़ा है। मोदी ने खाड़ी देश में रहने वाले भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यूएई के राष्ट्रपति को धन्यवाद भी दिया और कहा कि भारत तनाव कम करने, क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता का समर्थन करता है।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मैंने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति, मेरे भाई शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बात की। मैंने संयुक्त अरब अमीरात पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की और इन हमलों में जान गंवाने वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। भारत इस कठिन समय में यूएई के साथ एकजुटता से खड़ा है।’’ मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमने संयुक्त अरब अमीरात में रहने वाले भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। हम तनाव कम करने, क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता का समर्थन करते हैं।’’
अधिकारियों ने रविवार को पुष्टि की कि पिछले दो दिन में संयुक्त अरब अमीरात में हुए ईरानी हमलों के कारण तीन लोगों की मौत हो गई है और एक भारतीय नागरिक समेत 58 लोग घायल हो गए हैं।