भारत आ रहे पोलैंड के पीएम डोनाल्ड टस्क, 16 सााल बाद हो रहा भारत का दौरा, आतंकवाद पर पूरी तरह हैं भारत के साथ
दशहरे के बाद पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क भारत यात्रा पर आ रहे हैं। इससे पहले 2024 में पीएम मोदी पोलैंड यात्रा पर गए थे, जो किसी भारतीय प्रधानमंत्री की 45 साल बाद पहली पोलैंड यात्रा थी।
नई दिल्ली। पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क 16 साल बाद दशहरे के बाद भारत यात्रा पर आ रहे हैं। उनकी भारत यात्रा की संभावनाएं पिछले कुछ महीने से जताई जा रही थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बुलावे पर वह 21 से 23 अक्टूबर, 2026 तक भारत में रहेंगे। पोलैंड हाल ही में यह कह चुका है कि वह आतंकवाद के मुद्दे पर भारत के साथ डटकर खड़ा रहेगा।
डोनाल्ड टस्क इससे पहले 2010 में पोलैंड के प्रधानमंत्री के तौर पर अपने पहले कार्यकाल में भारत की आधिकारिक यात्रा पर आए थे। वैसे वे 2017 में भी नई दिल्ली आ चुके हैं, लेकिन तब उन्होंने इंडिया-ईयू समिट में यूरोपियन काउंसिल के प्रेसिडेंड की भूमिका निभाई थी।
पोलैंड के पीएम के साथ वहां के फाइनेंस एंड इकोनॉमी मंत्री अंद्रेज डोमांस्की भी एक बड़े बिजनेस डेलिगेशन के साथ पहुंच रहे हैं। विदेश मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार डोनाल्ड टस्क की 22 अक्टूबर को पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय चर्चा होगी।
इस दौरान दोनों नेता अगस्त 2024 में पीएम मोदी की पोलैंड यात्रा के बाद बेहतर हुई रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा करेंगे। यह भारत के किसी भी प्रधानमंत्री की 45 साल बाद पहली पोलैंड थी। इसके अलावा आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मामलों पर भी आपसी नजरिया साझा करेंगे।
प्रधानमंत्री टस्क बेंगलुरू भी जाएंगे, जहां उनके आईटी और स्पेस सेक्टर से जुड़े विभिन्न बिजनेस स्टेकहल्डर्स के साथ मुलाकात का कार्यक्रम है। नई दिल्ली में 22 अक्टूबर और बेंगलुरू में 23 अक्टूबर को भारत-पोलैंड बिजनेस फोरम भी आयोजित किया गया है।
विदेश मंत्रालय का कहना है कि पोलैंड के पीएम की भारत यात्रा से दोनों देशों की आपसी रणनीतिक साझेदारी को और बेहतर अवसर उपलब्ध होगा और आपसी हितों से जुड़े मुद्दों जैसे कि व्यापार और निवेश, रक्षा, नई टेक्नोलॉजी, नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा, संस्कृति और लोगों से लोगों के बीच संबंध को और मजबूत करने का मौका मिलेगा।
बता दें कि पिछले अगस्त में ही भारत में पोलैंड के राजदूत प्योत्र एंटोनी स्विताल्स्की ने कहा था कि जब भी बात आतंकवाद की होगी तो उनका देश भारत के साथ खड़ा रहेगा। उनके अनुसार पोलैंड भी भारत की तरह ही आतंकवाद से पीड़ित है।