बरेली में 108वें उर्स-ए-रज़वी की तैयारियां तेज, डीएम ने सोशल मीडिया पर सख्त निगरानी और ज़ायरीन की सुविधाओं के लिए दिए निर्देश

-आरके सिंह- बरेली। विश्व प्रसिद्ध दरगाह आला हज़रत में आयोजित होने वाले 108वें उर्स-ए-रज़वी की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 7, 8 और 9 अगस्त को होने वाले इस तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उर्स की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।

Jul 9, 2026 - 21:41
 0
बरेली में 108वें उर्स-ए-रज़वी की तैयारियां तेज, डीएम ने सोशल मीडिया पर सख्त निगरानी और ज़ायरीन की सुविधाओं के लिए दिए निर्देश
बरेली कलेक्ट्रेट सभागार में उर्स ए रजवी तैयारियों के लिए आयोजित बैठक में मौजूद डीएम-एसएसपी और अन्य अधिकारी व दरगार के प्रतिनिधि।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य सहित दरगाह आला हज़रत के प्रमुख हज़रत सुब्हानी मियां एवं सज्जादानशीन बदरूशरिया मुफ्ती अहसन मियां की ओर से प्रतिनिधिमंडल मौजूद रहा। दरगाह की ओर से हाजी जावेद खान ने गत वर्षों में उर्स के दौरान जिला प्रशासन द्वारा कराई गई व्यवस्थाओं के लिए आभार व्यक्त किया और इस वर्ष भी बेहतर सहयोग की अपेक्षा जताई। बैठक में टीटीएस के औरंगजेब नूरी, शाहिद नूरी, परवेज़ नूरी और अजमल नूरी ने भी विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव रखे।

उर्स आयोजन समिति की ओर से प्रशासन के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं। इनमें इस्लामिया ग्राउंड तथा आसपास के उन विद्यालयों के मैदानों के गड्ढे भरवाने, जहां ज़ायरीन ठहरते हैं, व्यापक साफ-सफाई कराने, हैंडपंपों की मरम्मत, शौचालयों की व्यवस्था और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की मांग शामिल रही।

प्रतिनिधियों ने कुतुबखाना मस्जिद के ऊपर स्थित पुल से आने वाले पानी की समस्या का स्थायी समाधान, उर्स के दौरान विशेष रूप से झंडे वाले दिन से पहले निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने का भी अनुरोध किया। जिला अस्पताल की ओर से स्वास्थ्य शिविर, एम्बुलेंस और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।

रेलवे प्रशासन से अतिरिक्त टिकट खिड़कियां खोलने, ट्रेनों की समय-सारणी प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने और यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम करने का भी अनुरोध किया गया। इसके अलावा मथुरापुर मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने सभी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कराई जाएंगी। उन्होंने निर्देश दिए कि दरगाह की ओर से लगाए जाने वाले सभी स्वयंसेवकों (वॉलंटियर) को फोटोयुक्त पहचान पत्र (आईडी कार्ड) जारी किए जाएं। पूर्व वर्षों की तरह निर्धारित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाए, ठोस अपशिष्ट (वेस्ट डिस्पोजल) के उचित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा अग्निशमन सेवाओं को पूरी तरह तैयार रखा जाए।

उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन के दौरान सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि कोई भी भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने का प्रयास न कर सके। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी (नगर) अविनाश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) देश दीपक, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारिक, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा, पुलिस अधीक्षक यातायात मोहम्मद अकमल खान, एसीएम, उप जिलाधिकारी सदर, अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा दरगाह आला हज़रत के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor