फिर हारी पंजाब, धमाकेदार जीत से आरसीबी ने प्लेऑफ में किया क्वालीफाई; वेंकटेश-विराट-भुवनेश्वर चमके
पंजाब किंग्स के लिए शशांक सिंह ने 4 चौकों और 4 छक्कों की बदौलत 27 गेंद में 56 रन बनाए, लेकिन वह सिर्फ हार के अंतर को ही कम कर सके। जीत के साथ आरसीबी ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है।
नई दिल्ली। आईपीएल 2026 के 61वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को 23 रनों से हरा दिया है। इस सीजन आरसीबी की यह 9वीं जीत है। पंजाब के खिलाफ जीत के साथ आरसीबी ने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया। आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली आरसीबी पहली टीम है। वहीं पंजाब किंग्स की यह इस सीजन छठी हार है। अब उनका प्लेऑफ में पहुंचना काफी मुश्किल हो गया है।
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 222 रन बनाए थे। जवाब में पंजाब किंग्स की टीम 199 रन ही बना सकी। पंजाब की हार से प्लेऑफ की रेस काफी दिलचस्प हो गई है। पंजाब की हार से चेन्नई सुपर किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स को बंपर फायदा हुआ है। इस मैच की बात करें तो आरसीबी की जीत में विराट कोहली, वेंकटेश अय्यर और भुवनेश्वर कुमार का अहम रोल रहा।
223 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत एक बार फिर अच्छी नहीं रही। प्रियांश आर्य बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। उन्हें भुवनेश्वर कुमार ने आउट किया। फिर उनके साथ प्रभसिमरन सिंह पांच गेंद में दो रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें भी भुवनेश्वर कुमार ने पवेलियन भेजा। इसके तुरंत बाद कप्तान श्रेयस अय्यर तीन गेंद में एक रन बनाकर चलते बने। उन्हें रसिख डार सलाम ने आउट किया।
19 रनों पर तीन विकेट गिरे तो अब मिडिल ऑर्डर से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी। कूपर कोनोली ने 22 गेंद में 37 और सूर्यांश शेडगे ने 22 गेंद में 35 रनों की पारी खेली। वहीं मार्कस स्टोइनिस ने 25 गेंद में 37 रन बनाए, लेकिन जरूरी रन रेट के हिसाब से कोई भी नहीं खेल सका। पंजाब ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए, जो हार का सबसे बड़ा कारण बना।