मोजतबा खामेनेई को रूस का पूरा समर्थन,  पुतिन ने किया ऐलान,  इजरायल-अमेरिका की बढ़ी टेंशन

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि रूस, ईरान का एक भरोसेमंद पार्टनर रहा है और आगे भी रहेगा। उन्होंने ईरान के प्रति एकजुटता की भी पुष्टि की है। पुतिन का बयान तब आया है, जब ईरान अमेरिका और इजरायली हमलों का सामना कर रहा है।

Mar 9, 2026 - 20:12
 0
मोजतबा खामेनेई को रूस का पूरा समर्थन,  पुतिन ने किया ऐलान,  इजरायल-अमेरिका की बढ़ी टेंशन

मॉस्को। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को ईरान के नए सुप्रीम लीडर अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई को अपना पूरा समर्थन देने का ऐलान किया। मोजतबा ने अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की 28 फरवरी को अमेरिकी-इजरायली हवाई हमलों में मौत के बाद सत्ता संभाली है। हालांकि, इजरायल ने धमकी दी है कि वह ईरान के किसी भी सर्वोच्च नेता को जिंदा नहीं छोड़ेगा। इस बीच रूस की ओर से मोजतबा खामेनेई को समर्थन देने से वैश्विक कूटनीति गरमा गई है।

नए ईरानी सुप्रीम लीडर को एक सीधे मैसेज में, पुतिन ने कहा, "रूस ईरान का एक भरोसेमंद पार्टनर रहा है और रहेगा।" रूसी राष्ट्रपति ने यह भी कहा, "ऐसे समय में जब ईरान हथियारों से हमले का सामना कर रहा है, इस ऊंचे पद पर आपके कार्यकाल के लिए बेशक बहुत हिम्मत और लगन की जरूरत होगी।"

पुतिन का ईरान के साथ एकजुटता का मैसेज, मोजतबा खामेनेई की नियुक्ति से पहले ट्रंप के कहे गए शब्दों से बिल्कुल अलग है। एक्सियोस से बात करते हुए, ट्रंप ने कहा, "खामेनेई का बेटा मुझे मंजूर नहीं है। हम कोई ऐसा चाहते हैं जो ईरान में शांति और मेलजोल लाए।" ट्रंप ने रविवार को ABC न्यूज़ से कहा, "अगर उन्हें हमसे मंजूरी नहीं मिली, तो वे ज्यादा दिन नहीं टिक पाएंगे।" सोमवार को ट्रंप ने टाइम्स ऑफ इजरायल से कहा, "हम देखेंगे कि क्या होता है।"

ईरान 28 फरवरी से अमेरिकी और इजरायली हवाई हमलों का सामना कर रहा है। इस हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई और उनकी पत्नी समेत कई बड़े नेता और शीर्ष सैन्य अधिकारियों की मौत हो गई थी।

ईरान इसके बाद से ही मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले कर रहा है। इन हमलों में अमेरिका को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। कम से कम छह अमेरिकी सैनिकों के भी मौत की पुष्टि हुई है।
ईरान ने इजरायल पर भी भीषण हमले किए हैं। कई ईरानी मिसाइलों ने सीधे इजरायली सैन्य ठिकानों और नागरिक बस्तियों पर कहर बरपाया है। इन हमलों में बड़ी संख्या में इजरायली नागरिकों की मौत हुई है और कई घायल हुए हैं।

अयातुल्ला अली खामेनेई के मौत के बाद ईरान की सर्वोच्च परिषद ने नए सुप्रीम लीडर के तौर पर मोजतबा खामेनेई को नियुक्त किया है। उन्हें अपने पिता के नक्शे-कदम पर चलने वाला शख्स माना जा रहा है। ऐसे में ईरान की नीति में बदलाव आने की बहुत कम संभावना ही है।

मोजतबा खामेनेई ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के दूसरे बड़े बेटे हैं। उन्हें ईरान की सबसे बड़ी सैन्य शक्ति आईआरजीसी का करीबी माना जाता है। मोजतबा ने अब तक पर्दे के पीछे से ही काम किया है। उन्होंने ईरान-इराक युद्ध में भी कुछ समय तक हिस्सा लिया है। मोजतबा धाराप्रवाह अंग्रेजी बोलते हैं। इजरायली और अमेरिकी हमले में मोजतबा के माता-पिता के साथ उनकी पत्नी की भी मौत हो गई थी।