संभल में रफ्तार का कहर: ट्राईसाइकिल को बचाने में डंपर से भिड़ा टेम्पो, दो बच्चों समेत छह की मौत, आधा दर्जन घायल
-आरके सिंह- संभल। जिले में रविवार सुबह मुरादाबाद-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बच्चों समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। बहजोई थाना क्षेत्र के बम्नेटा गांव के पास एक टेम्पो आगे चल रही ट्राईसाइकिल को बचाने और ओवरटेक करने के प्रयास में सामने से आ रहे डंपर से टकरा गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।
ट्राईसाइकिल को बचाने में सामने से आए डंपर से टक्कर
हादसा बहजोई थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बम्नेटा गांव के पास हुआ। बहजोई की सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि एक ऑटो रिक्शा जा रहा था और उसके आगे ट्राईसाइकिल चल रही थी। ऑटो चालक ने ट्राईसाइकिल को बचाने के लिए ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान सामने से डंपर आ गया और टेम्पो की उससे टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो बच्चों सहित छह की मौत, एक की पहचान बाकी
हादसे में रुवैद (30) पुत्र सिराज निवासी मोहल्ला कुरैशियान, कस्बा एवं थाना बहजोई, जनपद संभल की मौत हो गई। इसके अलावा सरवाध्या (चार माह) पुत्री तरुण और ध्रुव (छह वर्ष) पुत्र तरुण निवासी गांव मऊ कठैर, थाना बहजोई, हाल निवासी मोहल्ला हनुमानगढ़ी की भी जान चली गई। हादसे में एक मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। वहीं गंभीर रूप से घायल टेंपो चालक सौदान सिंह (40) की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार हादसे में कुल छह लोगों की मौत हुई है।
घायलों को अस्पताल भेजा, छह रेफर
सीओ स्तुति सिंह के अनुसार हादसे में घायल छह लोगों को रेफर किया गया है। पुलिस और मेडिकल टीमों की ओर से घायलों की देखरेख की जा रही है। हादसे की सूचना पर पुलिस अधीक्षक सहित कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं उपचार की व्यवस्था कराई।
मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान, हर संभव सहायता के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभल हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों से संवाद कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।